ABC NEWS: कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने लड़कियों को अगवा करके बेचने वाले अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया है. इस गैंग की महिलाएं रेलवे स्टेशन, बस अड्डा से लेकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय रहती थीं. अगर कोई किशोरी या युवती घर से भागकर या परेशान होती तो पहले उसे रोजगार और अच्छी जिंदगी का झांसा देकर उसका सहारा बनते. इसके बाद उसे बेच देते थे। जांच में 12 लड़कियों को बेचने की बात सामने आई है. पुलिस ने गैंग के 5 सदस्यों और एक खरीददार को अरेस्ट करके जेल भेज दिया.
नाराज होकर घर से निकली किशोरी को गैंग ने अपने चंगुल में लिया
डीसीपी सेंट्रल रवींद्र कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके गैंग का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि अक्तूबर 2022 रायपुरवा थानाक्षेत्र से 14 साल की किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी. परिजनों ने संदेह के आधार पर मोहल्ले के युवक पर प्रेम संबंध का आरोप लगाते हुए बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की एफआईआर दर्ज कराई थी. रिपोर्ट दर्जकर जब जांच शुरू की तो लड़कियों को अगवा करके बेचने के गैंग का खुलासा हुआ. पता चला कि घर से नाराज होकर निकली 14 साल कि किशोरी को गैंग ने गैंग ने अपने चंगुल में फांसा और बदायूं में बेच दया था. पुलिस ने गैंग के 5 सदस्यों और एक खरीददार को अरेस्ट करके जेल भेज दिया.
चार बार बिकी किशोरी, बाप-पेट कर रहे थे यौन शोषण
डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि एटा के नयागांव सराय अगहत निवासी इकबाल उर्फ राजू और इसकी पत्नी चांदनी उर्फ पूजा मिलकर गैंग चलाते थे. दोनों ने रायपुरवा निवासी किशोरी को बस अड्डे से झांसे में लेकर अगवा किया था. इसके बाद उसे गैंग से जुड़े हरेंडी थाना उसैहत जिला बदायूं निवासी धनपाल, इनके साथी बदायूं निवासी गूड्डू और मिर्जापुर जिले के नई बस्ती भौती कीलापुर निवासी हरि सिंह के जरिए बेचा था. मौजूदा समय में बदायूं के कलिया काजिमपुर थाना कुंवरगांव निवासी नत्थूलाल ने अपने बेटे के लिए किशोरी को गैंग के सदस्यों से 70 हजार रुपए में खरीदा था.
बाप-बेटे मिलकर किशोरी का महीनों से रेप कर रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर खरीदार से लेकर सभी बिचौलियों को अरेस्ट कर लिया। किशोरी ने बताया कि उसे चांदनी और इकबाल के गैंग के बिचौलियों को बेचा था। इसके बाद वह बिकते हुए नत्थूलाल के पास पहुंची थी. इस दौरान उसके साथ एक दर्जन से अधिक लोगों ने रेप किया.
मुस्लिम दंपति हिन्दू बनकर लड़कियों काे कर रहे थे अगवा
जांच के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई है कि गैंग के सरगना इकबाल और इसकी पत्नी राजू हिन्दू बनकर लड़कियों से लेकर महिलाओं को झांसे में लेती थीं. इसके चलते इकबाल ने अपना नाम बदलकर राजू और चांदनी ने अपना नाम पूजा रख लिया था। इससे कि किसी को उनपर संदेह नहीं हो सके. दंपति लड़कियों और महिलाओं को नौकरी से लेकर अच्छी शादी कराने का झांसा देकर अपने चंगुल में फंसाते थे. इसके बाद उन्हें गैंग के सदस्यों के जरिए यूपी और बिहार समेत कई प्रदेश के जिलों में 50 हजार से 1 लाख में बेच देते थे.

