ABC News: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आज (8 मार्च) भारत का सामना न्यूजीलैंड से है. दोनों टीमों के यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहा है. मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने की.

दोनों ने संभली हुई शुरुआत दिलाई और बीच-बीच में अच्छे शॉट भी लगाए. इसके बाद दोनों ने अपनी पारी का गियर बदला और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. अभी तक अपनी फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा फाइनल मैच मेें पूरी तरह से बदले नजर आए और शुरूआत में संभलकर खेलने के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि 18 गेंदों में उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी की. अपनी फिफ्टी में अभिषेक शर्मा ने छह चौके और तीन छक्के लगाए. अभिषेक के शॉट्स पर दर्शक भी झूमते नजर आए. हालांकि आठवें ओवर में आए रचिंद्र रवींद्र ने अभिषेक की आतिशी पारी को विकेट के पीछे कैच कराकर खत्म किया. वहीं, पिछले दो मैचों में शानदार शुरूआत दिलाने वाले संजू सैमसन भी आक्रामक दिखे. हालत यह रही कि पावर प्ले में टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 88 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए. पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी टीम के ओपनर्स ने 50+ रन की साझेदारी की है. इससे पहले फाइनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी 48 रन की थी, जो 2009 में कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स ग्राउंड में बनाई थी. यानी लगभग 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में ओपनिंग जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

