ABC NEWS: बीजेपी की अगुवाई वाले ‘NDA’ ने विपक्ष के गठबंधन ‘INDIA’ को जोर का झटका देते हुए सोमवार को ‘दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक 2023’ राज्यसभा में पास करा लिया. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी को लेकर अटकलों का बाजार एक बार फिर गर्म हो गया. दिल्ली सेवा बिल पर वोटिंग के दौरान जयंत की सदन में नामौजूदगी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है कि क्या ‘NDA’, ‘INDIA’ में सेंधमारी कर सकती है. बता दें कि पिछले काफी समय से यूपी में यह चर्चा है कि जयंत बीजेपी के सम्पर्क में हैं. हालांकि रालोद बीच-बीच में ऐसी चर्चाओं का खंडन करता रहता है.
हालांकि दिल्ली बिल पर वोटिंग के दौरान जयंत की नामौजूदगी को लेकर उनके करीबियों का कहना है कि कुछ जरूरी काम के चलते वह मतदान में हिस्सा नहीं ले सके लेकिन चर्चाओं में जुटे लोगों के बीच कहा जा रहा है कि वजह चाहे जो हो इस महत्वपूर्ण विधेयक पर वोटिंग के वक्त जयंत का सदन में न होना ‘INDIA’ के लिए झटका तो है ही. बता दें कि बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के नेता पूर्व में कई बार यह दावा कर चुके हैं कि विपक्ष का गठबंधन ‘INDIA’ जल्द ही टूट जाएगा.
दिल्ली सेवा बिल पेश होने से पहले आम आदमी पार्टी समेत ‘INDIA’ के कई दलों ने दावा किया था कि सरकार इस बिल को पास नहीं करा पाएगी लेकिन सरकार ने पहले लोकसभा में यह बिल पास कराया जहां उसका बहुमत है फिर राज्यसभा में भी विपक्षी गठबंधन को मात देते हुए बिल पास करा लिया. राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह बिल कानून में तब्दील हो जाएगा. इस बिल के पास होने से दिल्ली राज्य की प्रमुख प्रशासनिक शक्तियां केंद्र सरकार के पास आ जाएंगी.
दिल्ली के मुख्यमंत्री की तुलना में लेफ्टिनेंट गर्वन की ताकत कई मामलों में बढ़ जाएगी. राज्यसभा में बिल के समर्थन में 131 और विरोध में 102 वोट पड़े. विपक्ष के लिए यह झटका इस वजह से भी है कि पहले राज्यसभा में उसका जो आंकड़ा 105 लग रहा था वह 102 तक गिर गया जबकि सत्ता पक्ष का जो आंकड़ा 129 लग रहा था वो 131 तक पहुंच गया.

