ABC NEWS: महोबा के रायपुर से दिल्ली कबाड़ लेकर जा रहा एक कंटेनर मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे नकरा पनवाड़ी के पुल की रेलिंग तोड़कर सूखी पड़ी क्योलारी नदी में गिर गया. राहगीरों ने घटना की सूचना पनवाड़ी पुलिस को दी. पनवाड़ी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंच कर चालक-क्लीनर को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया. यहां से दोनों को मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया है.
ग्राम रुब्बास थाना तिजारा राजस्थान निवासी कंटेनर चालक 22 वर्षीय तारिफ पुत्र इद्रीश और यहीं का निवासी क्लीनर 19 वर्षीय दिलशाद पुत्र हनीफ रायपुर से कंटेनर में कबाड़ भरकर दिल्ली जा रहे थे. दोपहर को ग्राम नकरा में बने क्योलारी नदी के पुल पर अचानक अनियंत्रित होकर कंटेनर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा. नदी इस समय पूरी तरह सूखी हुई है.

