राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर आ रही है. बीबीडी यूनिवर्सिटी के पास अयोध्या हाइवे पर शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ. मौंरंग लदा डंपर अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे एक झोपड़ी में घुस गया. झोपड़ी में सो रहे दंपती और उनके दो बच्चों की मौक़े पर मौत हो गई. एक सात साल की बच्ची बाल-बाल बच गई. महिला आठ माह की गर्भवती थी.
मूल रूप से बाराबंकी के जैतपुर निवासी उमेश (35) टाइल्स कारीगर था. वह हाइवे किनारे झोपड़ी में पत्नी नीलम (32) देवी, बेटे गोलू (4), सनी(13) और बेटी वैष्णवी के साथ रहते थे. शुक्रवार रात सब झोपड़ी में सो रहे थे. रात करीब दो बजे एक डंपर अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गया. हादसे में उमेश, नीलम, गोलू और सनी की मौत हो गई. वैष्णवी हादसे की चपेट में आने से बच गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. नीलम के भतीजे धरम सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है.

