ABC NEWS: शहर के स्कूलों में अध्यापकों की निर्दयता अब सामने आने लगी है, अभी मंधना के एक कालेज में छात्र को अपमानित करने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि कानपुर के गोविंद नगर क्षेत्र में एक शिक्षिका ने चौथी कक्षा की छात्रा की बेरहमी से पिटाई कर दी. वीडियो वायरल होने और पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है. एसीपी गोविंद नगर विकास पांडेय के मुताबिक स्कूल में बच्ची को पीटने का वीडियो मिला है. पिता ने शिक्षिका के खिलाफ तहरीर दी है. नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है.
गोविंद नगर क्षेत्र के द्विवेदी नगर के लकपत विहार निवासी साजन कुमार ने बताया कि नौ वर्षीय बेटी श्रद्धा मोहल्ले में सरस्वती इंटर कालेज में कक्षा चार की छात्रा है. उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को बेटी स्कूल से लौटी तो उसकी आंख, गाल, पीठ और सिर पर चोट के निशान थे. पूछने पर बेटी ने बताया कि शिक्षिका ज्योति वर्मा ने उसे बाल खींचकर पीटा और हाथ में कई डस्टर मारे. इस पर वह स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य से शिकायत की.
उनका आरोप है कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने भी अभद्रता कर उन्हें भगा दिया. इसके बाद पिता ने शिक्षिका ज्योति वर्मा और प्रधानाचार्य के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई. वहीं, सीसीटीवी कैमरे में छात्रा की पिटाई का वीडियो भी मिला, जो वायरल हो गया. हालांकि ABCNEWS.MEDIA वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. विद्यालय प्रबंधक तेज नारायण पांडेय ने बताया कि मानवीय दृष्टि से बच्चों की पिटाई अपराध है. शिक्षिका की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं.

