ABC NEWS: यूपी के बरेली के फरीदपुर में बारिश के दौरान कच्ची दीवारों से बना एक घर भरभरा कर गिर गया. इसके मलबे में दबकर मासूम भाई-बहन की मौके पर मौत हो गई. जबकि उनके माता-पिता और बड़े भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हादसे की वजह से गांव में मातम पसरा है.
फरीदपुर के खल्लपुर गांव के उमेश, मजदूरी करके बड़ी मुश्किल से अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे. उन्होंने मिट्टी की दीवार बनाकर पॉलिथीन डाल ली थी. कच्ची मिट्टी की दीवार पर डाली गयी पॉलिथीन में पूरा परिवार रह रहा था. मिली जानकारी के मुताबिक सुबह तीन बजे झमाझम बारिश हो रही थी.
इसी दौरान कच्ची दीवार भरभरा कर गिर पड़ी. कच्ची दीवार के मलबे में उमेश, उनकी पत्नी सुमन, पांच वर्षीय बेटा विवेक, दो वर्षीय बेटी प्रियंका और सात वर्षीय बेटा गोरा दब गए. गांव के लोगों ने मलबा हटाकर पूरे परिवार को निकाला. इस दौरान विवेक और उसकी छोटी बहन प्रियंका की मौत हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल उमेश, सुमन और उनके बेटे गोरा को सीएचसी फरीदपुर पहुंचवाया. वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. मृतक दोनों मासूम बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
कई सालों से मांग रहे थे आवास
खल्लपुर के उमेश बेहद गरीबी की हालत में जिंदगी बसर कर रहे थे. उनके पास घर में एक चारपाई थी. सिर छुपाने के लिए मिट्टी की दीवार बनाकर पॉलिथीन डाल दी थी. पूरा परिवार उसी में रहा था। परिजनों ने बताया कि उमेश ने कई बार ब्लॉक कार्यालय के चक्कर लगाकर आवास की मांग की लेकिन सरकारी महकमे के लोगों ने उनकी पीड़ा को नहीं सुना. अस्पताल के स्ट्रक्चर पर गंभीर हालत में सिसक रहे उमेश ने ब्लॉक कर्मचारियों पर आवास न बनवाने का आरोप लगाया.

