ABC NEWS: केरल हाई कोर्ट ने शादी और लिव-इन-रिलेशनशिप पर कड़ी टिप्पणी की है और कहा है कि ऐसा लगता है कि वैवाहिक संबंध को अब बस ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो की संस्कृति’ से प्रभावित हैं. लिव-इन संबंधों और छोटी-छोटी बातों पर तलाक मांगने के केसों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से यह साबित होता है कि अब शादी का कोई मतलब नहीं रह गया हो. आज की युवा पीढ़ी विवाह को ऐसी बुराई के रूप में देखती है, जिसे आजादी का जीवन जीने के लिए टाल देना चाहिए.
एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर पर कोर्ट की कड़ी टिप्पणी
कोर्ट ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ‘वाइफ’ (WIFE) शब्द को ‘वाइज इन्वेस्टमेंट फॉर एवर’ (Wise Investment Forever) की पुरानी अवधारणा के बजाय ‘वरी इन्वाइटेड फॉरएवर’ (Worry Invited Forever) के रूप में परिभाषित कर रही है. कोर्ट ने एक तलाक संबंधी पति की अर्जी खारिज करते हुए कहा अगर किसी पुरुष के एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर हैं और वह अपनी पत्नी बच्चों से संबंध खत्म करना चाहता है, तो अपने अवैध संबंध को वैध बनाने के लिए अदालतों की मदद नहीं ले सकता.
लिव-इन में होती है आजादी
जस्टिस ए मोहम्मद मुस्ताक और जस्टिस सोफी थॉमस की बेंच ने कहा, लिव-इन संबंध के मामले इसलिए बढ़ रहे हैं, क्योंकि उसमें आजादी है ब्रेकअप के बाद दोनों एक-दूसरे को अलविदा कह सकते हैं. अदालत ने नौ साल के वैवाहिक संबंधों के बाद किसी दूसरी महिला के साथ कथित प्रेम संबंधों के कारण अपनी पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाक की याचिका को खारिज कर दिया.
अदालत ने तलाक संबंधी पति की याचिका खारिज करते हुए कहा कि ‘अदालतें गलती करने वाले व्यक्ति की मदद करके उसकी पूरी तरह से अवैध गतिविधियों को वैध नहीं बना सकतीं.’
ये था मामला, कोर्ट ने याचिका खारिज की
हाई कोर्ट में में दायर याचिका में 2009 में एक जोड़े की शादी हुई और फिर 2018 तक वैवाहिक संबंधों में दोनों को कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन बाद में पति का आरोप है कि पत्नी का व्यवहार बदल गया. वह उस पर किसी से प्रेम संबंध होने का आरोप लगाते हुए झगड़ा करने लगी तो पति ने तलाक की अर्जी दे दी. अब अदालत ने कहा, ‘उपलब्ध तथ्य और परिस्थितियां स्पष्ट रूप से इस बात की ओर इशारा करती हैं कि 2017 में याचिकाकर्ता के किसी अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध हो गया और इसलिए वह तलाक मांग रहा है.

