हरिद्वार में गुरुवार को संस्कृत विद्वानों और विदुषियों का भव्य संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पतंजलि योग विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने 62वें अखिल भारतीय शास्त्रोत्सव समारोह में शिरकत की। यह आयोजन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और पतंजलि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें भारत सहित कई देशों के 1000 से अधिक विद्वान और विदुषियां शामिल हुईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्कृत विद्वानों को सम्मानित किया और भारतीय संस्कृति व सनातन परंपरा को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अवैध मदरसों पर कार्रवाई और तुष्टिकरण पर सीएम का सख्त रुख
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में नागपुर में हुई हिंसक घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि देश में एक बहुत बड़ा वर्ग आजादी के बाद से लगातार तुष्टिकरण की राजनीति करता आ रहा है, लेकिन अब वह पूरी तरह से एक्सपोज हो चुका है।
LIVE: पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार में '62वें अखिल भारतीय शास्त्रोत्सव का समापन समारोह'
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 21, 2025
https://t.co/mO5yjB6aLD
उत्तराखंड में चल रही अवैध मदरसों पर कार्रवाई को लेकर भी उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम धामी ने यह भी साफ किया कि सरकार की यह कार्रवाई किसी समुदाय या वर्ग को टारगेट करने के लिए नहीं है, बल्कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही है।
योगगुरु बाबा रामदेव ने सीएम धामी की तारीफ की
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के तीन साल पूरे होने पर योगगुरु बाबा रामदेव ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए जा रहे हैं।
बाबा रामदेव ने समान नागरिक संहिता (UCC), धार्मिक संरक्षण कानून, चार धामों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड में पूरे सालभर टूरिस्ट आकर देवत्व का अनुभव कर सकते हैं। बाबा रामदेव ने यह भी कहा कि ये सभी कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाए हैं, जिन्हें सीएम धामी सफलतापूर्वक अमल में ला रहे हैं।
संस्कृत विद्वानों के सम्मान से संतुष्ट दिखे सीएम धामी
62वें अखिल भारतीय शास्त्रोत्सव समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी संस्कृत विद्वानों और विदुषियों के स्मरण कौशल से काफी प्रभावित नजर आए। इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने 3 से 30 शास्त्रों का स्मरण किया, जिसे देखकर सीएम ने कहा कि संस्कृत भाषा और भारतीय ग्रंथों का संरक्षण हमारी संस्कृति की धरोहर को बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है।
उत्तराखंड में सनातन संस्कृति को मिलेगा और बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड धर्म और अध्यात्म की भूमि है और राज्य सरकार इसे संरक्षित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
हरिद्वार से शुरू हुआ यह आयोजन भारतीय संस्कृति की गूंज को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
