ABC News: लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के अंतर्गत ग्राम महोलिया का एक युवक पिपरिया कप्तान में अपनी प्रेमिका के घर पर उससे मिलने गया था. जहां प्रेमिका के पिता और भाइयों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. इसके बाद प्रेमिका के पिता व भाइयों ने लाठी-डंडों से पहले युवक को जमकर पीटा और फिर जबरदस्ती जहर पिलाकर युवक को उसके घर वालों के सुपुर्द कर दिया. जब घरवाले युवक को इलाज के लिए डाक्टर के पास गए तो डाक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया.

लालाराम पुत्र लक्ष्मण निवासी ग्राम महोलिया थाना मोहम्मदी ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पुत्र धर्मवीर का पिपरिया कप्तान की निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बीते गुरुवार की रात तकरीबन दस बजे उक्त युवती ने धर्मवीर को फोन करके अपने घर बुलाया और धर्मवीर वहां उसके घर मिलने चला गया. वहां धर्मवीर को युवती के साथ उसके पिता और भाइयों ने आपत्तिजनक हालत में देख लिया इस पर सब ने मिलकर धर्मवीर को लाठी-डंडों से जमकर पीटा. इतना ही नहीं कमरे में बंद करके सभी ने मिलकर उसे जबरन जहर पिला दिया. फिर उन सभी लोगों ने जबरदस्ती धर्मवीर से उसके पिता के पास फोन कराया. फोन पर धर्मवीर ने कहा पापा मुझे यहाँ से छुड़ा ले जाओ ये लोग मुझे मार डालेंगे. तभी धर्मवीर के पिता लालाराम अपने साथ रामऔतार पुत्र लीला व लेखराज पुत्र प्यारेलाल, रामबहादुर पुत्र तुला को लेकर युवती के घर गये. तो विपक्षियों ने गलियां देकर लालाराम को भगा दिया लेकिन, साथ में गए अन्य लोग किसी तरह से धर्मवीर को वहां से छुड़ा लाए. धर्मवीर की हालत बहुत ही नाजुक होने पर उसको मझगंवा इलाज के लिए डाक्टर के पास ले गए तो वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.मोहम्मदी कोतवाली प्रभारी अंबारलाल ने बताया कि धर्मवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

