ABC NEWS: भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के यूं तो अनेक विधि-विधान हैं, लेकिन उनके एकाक्षरी मंत्र के जाप व अनुष्ठान को कई गुना ज्यादा लाभकारी माना गया है. जो रंक को भी राजा बनाने की क्षमता रखता है. यह मंत्र राजा कदर्म व चित्रांगत को साधारण क्षत्रिय से राजाधिराज की पदवी दिला चुका है. खुद माता पार्वती भी इसका जाप कर चुकी हैं, जिसे लेकर गणेश पुराण में कई कथाओं का भी उल्लेख है. गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में आज हम आपको उसी एकाक्षरी मंत्र व उसका प्रभाव बताने वाली कथाओं के बारे में बताने जा रहे हैं.
गणेशजी का एकाक्षरी मंत्र और जाप विधि
जैसा कि नाम से ही साफ है कि भगवान गणेश का एकाक्षरी मंत्र एक अक्षर का ही है. ये अक्षर है ‘गं’, जिसका एक लाख बार जाप करने पर इसका अनुष्ठान पूरा हो जाता है. गणेश पुराण के अनुसार सावन शुक्ल चतुर्थी से भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी तक एक मास तक इस मंत्र का जप गणपति की एक या 108 मूर्ति बनाकर करें. अनुष्ठान पूरा होने पर हवन, तर्पण व ब्राह्मण भोज करवाकर मूर्ति को पवित्र नदी या सरोवर में विसर्जित करें.
मां पार्वती ने की थी पूजा, कर्दम व नल बने राजा
पंडित रामचंद्र जोशी ने बताया कि गणेशजी के एकाक्षरी मंत्र का जाप मां पार्वती भी कर चुकी हैं. गणेश पुराण के अनुसार त्रिपुरासुर वध के बाद भी जब भगवान शंकर काफी समय तक कैलाश नहीं पहुंचे तो चिंतित मां पार्वती को उनके पिता हिमालय ने गणेशजी के एकाक्षरी मंत्र का अनुष्ठान उन्हें बताया था.
इसी तरह राजा कदर्म व चित्रांगद भी इस मंत्र के जाप से साधारण क्षत्रिय से राजा की पदवी को प्राप्त हुए. कथा के अनुसार राजा कर्दम ने जब भृगु ऋषि से अपने राजा बनने का कारण पूछा तो उन्होंने ध्यान लगाने के बाद इसका कारण पूर्व जन्म में गणेशजी के एकाक्षर मंत्र जाप को बताया था. इसी तरह जब राजा नल ने गौतम ऋषि से अपने बारे में पूछा तो उन्होंने भी राजराजेश्वर होने की वजह उसी मंत्र को बताया था.
एकाक्षर मंत्र से दूर हुआ पति वियोग
एकाक्षर मंत्र प्रिय का वियोग दूर करने वाला भी माना जाता है. गणेश पुराण के अनुसार एक समय शिकार खेलने गए राजा चित्रांगद को नाग कन्याओं ने पाताल लोक ले जाकर बंदी बना लिया था. तब नारदजी के कहने पर पति वियोग से दुखी चित्रांगद की पत्नी इंदुमती ने एकाक्षर मंत्र से ही गणेशजी की पूजा की थी. इससे प्रसन्न होकर गणेशजी ने नाग कन्याओं को चित्रांगद को बंदीगृह से मुक्त करने की प्रेरणा दी, जिससे इंदुमती का पति वियोग दूर हुआ.

