ABC NEWS: माघ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जयंती मनाई जाती है. गणेश जयंती को माघी गणेशोत्सव, माघ विनायक चतुर्थी और वरद तिल कुंद चतुर्थी के नाम से भी जानते हैं. गणेश जयंती हर साल जनवरी या फरवरी माह में पड़ती है. भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र गणेश जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष में हर साल गणेश जयंती मनाई जाती है. इस दिन भगवान गणेश की विधिपूर्वक पूजा करते हैं और उनकी प्रिय वस्तुओं का भोग लगाते हैं. इससे वे प्रसन्न होकर मनोकामनाएं पूरी करते हैं और संकटों को दूर करते हैं.
गणेश जयंती 2023 तिथि
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि इस साल गणेश जयंती पर रवि योग, शिव योग और परिघ योग बन रहा है. पंचांग के अनुसार, माघ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 24 जनवरी को दोपहर 03 बजकर 22 मिनट पर प्रारंभ हो रही है. यह 25 जनवरी को बुधवार को दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक है. उदयातिथि के अनुसार, इस साल गणेश जयंती 25 जनवरी बुधवार को मनाई जाएगी. बुधवार का दिन भी गणेश पूजा के लिए होता है.
गणेश जयंती 2023 पूजा का मुहूर्त
25 जनवरी को गणेश जयंती के दिन पूजा का शुभ मुहूर्त दिन में 11 बजकर 29 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक है. इस दिन आपको गणेश पूजा के लिए एक घंटे से अधिक का शुभ समय प्राप्त होगा.
गणेश जयंती 2023 न करें चंद्रमा का दर्शन
गणेश जयंती विनायक चतुर्थी है, इसलिए इस दिन चंद्रमा का दर्शन वर्जित होता है. चंद्रमा को देखने से कलंक लगता है. गणेश जयंती के दिन सुबह 09 बजकर 54 मिनट से रात 09 बजकर 55 मिनट तक चंद्रमा का दर्शन वर्जित है. इस वजह से दिन में ही गणेश जी की पूजा कर लेते हैं.
गणेश जयंती 2023 तीन योग
इस साल गणेश जयंती पर तीन योग बने हैं. प्रात:काल से ही परिघ योग रहेगा, जो शाम 06 बजकर 16 मिनट तक है. उसके बाद से शिव योग प्रारंभ होगा. इस दिन रवि योग सुबह 07 बजकर 13 मिनट से रात 08 बजकर 05 मिनट तक रहेगा.
गणेश जयंती पर भद्रा और पंचक भी
गणेश जयंती के दिन भद्रा और पंचक भी है. 25 जनवरी को पंचक पूरे दिन है और भद्रा सुबह 07 बजकर 13 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक है. हालांकि इसमें पूजा पाठ पर कोई रोक नहीं होता है.
गणेश जयंती का महत्व
शिव पुराण के अनुसार, माता पार्वती ने अपने उबटन से एक बालक की मूर्ति बनाकर उसमें प्राण प्रतिष्ठा कर दी थी, जिससे गणेश जी का जन्म हुआ था. उस दिन माघ शुक्ल चतुर्थी तिथि थी. इस वजह से हर साल इस तिथि को गणेश जयंती मनाते हैं. इस तिथि को गणेश जी की जन्मदिवस है, इसलिए विधिपूर्वक पूजन करके उनको प्रसन्न किया जाता है.

