ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) इंडस्ट्रियल एरिया पनकी और दादानगर आने-जाने वाले लोगों को अब जाम से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है. दादानगर के समानांतर पुल निर्माण के कार्य का शिलान्यास दो माह के भीतर हो जाएगा. इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. यह आश्वासन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री जितिन प्रसाद ने गोविंद नगर विधानसभा के विधायक सुरेंद्र मैथानी को दिया है.
टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी
विधायक मैथानी ने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी मंत्री से मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा. इस दौरान उन्होंने कहा कि दादानगर के समानांतर पुल की स्वीकृत हो चुकी है लेकिन इसके शिलान्यास में देरी हो रही है. इस पुल का निर्माण टेंडर प्रक्रिया से होना है जो अभी तक नहीं हुई है. इस वजह से पुल निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हो रही है. इस ओवरब्रिज के निर्माण को केंद्र और राज्य सरकार से भी अनुमति मिल चुकी है लेकिन नाबार्ड में स्वीकृत के लिए यह प्रोजेक्ट रुका हुआ है.
नाबार्ड से पास हुआ पुल
विधायक ने मंत्री से इस पुल के शिलान्यास के लिए समय देने और अन्य प्रक्रियाएं शुरू कराने की मांग की है. साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कराने की मांग की है. इस पर मंत्री ने अपने अधिकारियों को तुरंत बुलाकर इस प्रोजेक्ट पर चर्चा की. इसके बाद उन्होंने विधायक मैथानी को बताया कि यह पुल नाबार्ड से पास हो गया है. दो माह के भीतर इसका शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा.

