ABC NEWS: कानपुर में बिल्हौर के पास जीटी रोड पर उत्तरी गांव के पास सवारियां लेकर जा रही प्राइवेट बस की सामने से आ रहे लोडर से भिड़ंत हो गई. हादसे में लोडर चालक व बस का क्लीनर घायल हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु भेजा. बताया जा रहा है कि इस दौरान हादसे पर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गयी और रोड जाम हो गया.
कन्नौज से कानपुर के बीच चलने वाली प्राइवेट बस शनिवार शाम लगभग 40 सवारियां लेकर कानपुर की ओर जा रही थी. जीटी रोड पर उत्तरी बंबा के पास बस की सामने से आ रहे लोडर से भिड़ंत हो गई. हादसे में बस व लोडर क्षतिग्रस्त हो गए और लोडर चालक हरदोई के माधवगंज निवासी 38 वर्षीय प्रदीप सिंह पुत्र रामबाबू सिंह और बस का क्लीनर शिवराजपुर के सदिकामऊ निवासी पप्पू सिंह पुत्र सोने सिंह घायल हो गए. बस में सवार लोग बाल-बाल बच गए. हादसे के बाद बस का चालक फरार हो गया.
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार हेतु सीएचसी भेजा. वही बस में सवार लोग दूसरे वाहनों से गंतव्य की ओर चले गए। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया की दो लोगों को मामूली चोट लगी है. बस व लोडर को कब्जे में लिया गया है. तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

