ABC NEWS: गुजरात, हिमाचल और दिल्ली में एमसीडी चुनाव के नतीजे 7 और 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे. कहां किसकी सरकार बनेगी यह तो काउंटिंग के बाद ही साफ होगा. फिलहाल एग्जिट पोल्स के अनुमान सामने आए हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से किए गए अग्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में एक बार फिर भाजपा की सरकार बन सकती है.
गुजरात में भाजपा को बंपर जीत मिलने की भविष्यवाणी
एग्जिट पोल का अनुमान है कि गुजरात में भाजपा रिकॉर्ड 167 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है. यहां भगवा दल को 54.5 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है. 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 4 और आम आदमी पार्टी को 11 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस को 15 और आम आदमी पार्टी को 15.8 फीसदी वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई है.
हिमाचल में भी रिकॉर्ड जीत का अनुमान
दिल्ली यूनिवर्सिटी के सर्वे में हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है. यहां 37 सालों का रिवाज खत्म करते हुए भाजपा लगातार दूसरी बार सरकार बना सकती है. एग्जिट पोल का अनुमान है कि 68 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 62 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस को महज 5 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है. आम आदमी पार्टी को एक सीट मिलने की बात कही गई है. भाजपा को 60 फीसदी वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई है. कांग्रेस को 25.9 और आम आदमी पार्टी को 4 फीसदी वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है.
एमसीडी में AAP की जीत
दिल्ली यूनिवर्सिटी के सर्वे में जहां गुजरात और हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है तो दिल्ली में भगवा दल को झटका लगने की बात कही गई है. एमसीडी में भाजपा को 99 वार्ड में जीत मिल सकती है तो आम आदमी पार्टी 140 सीटों पर कब्जा कर सकती है. कांग्रेस को 06 सीटें और निर्दलीय को 5 सीटें मिल सकती हैं. भाजपा को 38.4 फीसदी और आम आदमी पार्टी को 42.2 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है. कांग्रेस को 11.1 और निर्दलीय को 8.3 फीसदी वोट शेयर मिलने की भविष्यवाणी की गई है.

