ABC NEWS: रेव पार्टी आयोजित कराने और उसमें सांपों का जहर सप्लाई करने के आरोपों से घिरे बिग बॉस विजेता एल्विश यादव से नोएडा पुलिस ने पूछताछ की है. मशहूर यूट्यूबर मंगलवार देर रात सेक्टर-20 थाने में नोएडा पुलिस के सामने पेश हुए. पुलिस ने तीन घंटे के भीतर करीब 50 सवाल पूछे हैं. लेकिन अभी सवाल-जवाब का नया दौर बाकी है.
पुलिस अब एल्विश और मामले से जुड़े अन्य पांचों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पुलिस पूछताछ करेगी. आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए पुलिस ने न्यायालय में अर्जी लगाई थी. सुनवाई पूरी हो चुकी है। सवालों की सूची तैयार है. सहमति मिलते ही एल्विश और अन्य पांच आरोपियों को आमने-सामने बैठाया जाएगा. एल्विश से पुलिस ने रेव पार्टी,जहर की सप्लाई और राहुल से संबंधों पर ज्यादा सवाल पूछे. हालांकि एल्विश ने जवाब में क्या बताया इसके बारे में अभी नोएडा पुलिस ने कुछ भी बोलने से इनकार किया है. डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने भी एल्विश से पूछताछ की है.

हर सवाल पर हिचका
नोएडा पुलिस के हर सवाल पर एल्विश जवाब देने में हिचक रहा था. हालांकि, उसने अपने ऊपर सभी लगे आरोपों को सिरे से नकार दिया. 7 अधिवक्ता भी रात दो बजे एल्विश के साथ पहुंचे थे. सुबह करीब 5 बजे वह अपने वकीलों के साथ वापस हरियाणा चला गया. पुलिस अब दोबारा से उसे पूछताछ के लिए बुलाएगी. शाम तक दोबारा पूछताछ होगी.
किस तरह के पूछे गए सवाल
● आपका राहुल से कैसे संपर्क हुआ, उससे पहली बार कहां मिले.
● क्या राहुल को कॉल सिर्फ सांप और वेनम के लिए करते थे.
● नोएडा में रेव पार्टी हुई थी या नहीं, इसमें आपकी क्या भूमिका थी.
● रेव पार्टी में शामिल होने वाली विदेशी लड़कियां कहां से आती थीं.
● दिल्ली, राजस्थान के फार्म हाउसों में हुई रेव पार्टी में क्या आप शामिल थे.
● रेव पार्टी में कौन-कौन लोग आए.
● वीडियो में सांप के साथ दिख रहे अन्य लोग कौन हैं.
● क्या ये सभी नशे के लिए जहरीले वेनम का इस्तेमाल करते हैं.

पांच आरोपियों की कस्टडी रिमांड पर आज फैसला
एल्विश यादव प्रकरण में जेल भेजे गए पांचों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड को लेकर मंगलवार को सूरजपुर के फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हुई. अदालत बुधवार को रिमांड को लेकर फैसला सुनाएगी. अपर पुलिस आयुक्त आनंद कुलकर्णी ने बताया कि नोएडा पुलिस ने आरोपियों की 14 दिन की रिमांड मांगी है. सवालों की सूची तैयार कर ली गई है. रिमांड के दौरान आरोपियों को उन स्थानों पर भी लेकर जाया जाएगा, जिसका जिक्र एफआईआर और ऑडियो में है.
दिवाली के बाद होगा खुलासा
एल्विश यादव को पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर उत्तर प्रदेश के वन मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि कोई भी हस्ती कानून से ऊपर नहीं है और इस प्रकरण में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. उधर, अबतक की जांच में पुलिस को कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं. एल्विश के विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट को बारीकी से खंगाला जा रहा है. नोएडा पुलिस दीपावली के आसपास मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है. मामले को लेकर कमिश्नरेट के शीर्ष अधिकारियों ने सोमवार रात दो बजे तक बैठक की. इसके बाद जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. पुलिस की कुल सात टीमें मामले की जांच में लगाई गई हैं. इनमें सर्विलांस और मैनुअल टीम भी शामिल है.
एल्विश पर दर्ज है केस
नोएडा पुलिस ने बीते शुक्रवार को एल्विश यादव समेत छह लोगों के खिलाफ रेव पार्टी आयोजित करने, उसमें सांपों का जहर सप्लाई करने और विदेशी लड़कियां उपलब्ध कराने का केस दर्ज किया था. इनमें से पांच आरोपी अभी न्यायिक रिमांड पर हैं.

