ABC News: गंगा बैराज के उस पार बसी ट्रांस गंगा सिटी में जिन किसानों की भूमि का अधिग्रहण हुआ था, उन्हें करार के अनुसार छह प्रतिशत विकसित भूमि दिलाने को लेकर अभियान तेज हो गया है. इसी कड़ी में उन्नाव की जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल और प्रदेश सचिव कैप्टन राहुल तिवारी ने डीएम घनश्याम मीणा से मुलाकात की.

यहां पर किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने डीएम उन्नाव को बताया कि यूपीसीडा को छह प्रतिशत विकसित भूमि मिश्रित लैंड यूज वाली किसानों को देना है. 2014 में मुआवजा वितरण के बाद से अब तक इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं हो रही है. इस दौरान पूर्व में डीएम से हुई बातचीत और सूची उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठा. जिस पर डीएम ने किसानों के मामले को जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दिया. बताया गया कि अगले तीन दिनों में तहसील स्तर से जो कार्यवाही लंबित है, उसे पूरा किया जाएगा और फिर आवंटन प्रक्रिया को यूपीसीडा के स्तर से पूरा कराया जाएगा. जिला पंचायत अध्यक्ष ने शकुन सिंह ने किसानों की लड़ाई में हर पल साथ रहने की बात कही. उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के प्रदेश संयोजक ने संघर्ष कर जो समझौता कराया था, उसे हर हाल में लागू कराया जाएगा.

