ABC NEWS: कानपुर के नौबस्ता-हमीरपुर रोड पर नवीन गल्ला मंडी गेट के सामने मंगलवार सुबह तेज रफ्तार डंपर टायर फटने से अनियंत्रित होकर 15 फिट गहरे नाले में गिर गया. हादसे में चालक बाल बाल बचा. वह मौके से भाग निकला. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई. लोगों ने सूचना कंट्रोल रूम पर दी मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर लखनऊ निवासी मालिक उमेश यादव से फोन पर संपर्क किया.
हंसपुरम चौकी प्रभारी नंदू कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे लखनऊ से हमीरपुर जा रहा खाली डंपर गल्ला मंडी गेट के सामने गिरने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी. मौके से चालक व क्लीनर कोई नहीं मिला. डंपर के नंबर के जरिए उसके मालिक उमेश यादव से संपर्क किया गया.
उन्होंने बताया कि चालक सुनील यादव गाड़ी लेकर हमीरपुर जा रहा था. वहां से मौरंग लोड कर आना था. चालक ने हादसे के बाद उन्हें फोन कर जानकारी दी है. उसका कहना था कि आगे एक कार चल रही थी. तभी टायर फट गया।अनियंत्रित होने पर कार को बचाने के लिए डंपर को बाईं तरफ मोड़ दिया जिससे गाड़ी नाले में गिर गई. वह पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन लोगों के डर से वहां से भाग गया था. चौकी प्रभारी ने बताया कि मालिक के आने के बाद क्रेन व हाइड्रा की मदद से डंपर को निकलवाया जाएगा.

