ABC NEWS: कानपुर में भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में दक्षिण जिला की महिला मोर्चा के प्रशिक्षण शिविर में गुरुवार को बखेड़ा खड़ा हो गया. शिविर में प्रवेश न देने से नाराज पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेमलता तिवारी ने जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी पर हमला कर दिया और फिर कार्यालय के बाहर धरना पर बैठ गईं.
इस मामले में भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेमलता तिवारी का कहना है कि मारपीट के आरोप निराधार हैं. हमने बैठक के लिए बुधवार रात पार्टी कार्यालय के बाहर होर्डिंग लगाई थी जिन्हें हटा दिया गया. उल्टे जिलाध्यक्ष ने मुझे घूंसे मारे, इसलिए अब उन्हें पद से हटाया जाए जबकि भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी का कहना है कि पूर्व मंडल अध्यक्ष ने घूंसा मारा है लेकिन मैं इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहना चाहती. दो माह पहले मैंने ही मंडल अध्यक्ष पद से उन्हें हटाया था। प्रेमलता बैठक में अपेक्षित नहीं थीं.
भाजपा दक्षिण जिला के मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है, जांच रिपोर्ट के मुताबिक ही आगे की कार्रवाई होगी.
आरोप है कि पूर्व मंडल अध्यक्ष ने अनीता त्रिपाठी को घूंसा मारा तो वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं. दूसरी पदाधिकारियों ने पानी के छींटे डालकर उन्हें होश दिलाया तो अपमानित महसूस कर दूसरी मंजिल कूदने का प्रयास करने लगीं. हालांकि लोगों ने उन्हें पकड़कर बचाया.
पार्टी के कुछ नेताओं ने बताया कि दक्षिण जिला की महिला मोर्चा के प्रशिक्षण शिविर में जिन लोगों को आना था, उनके नाम तय थे। इसमें प्रेमलता तिवारी भी पहुंचीं थीं, जबकि उन्हें दो माह पहले पुलिस अधिकारी से जमीन के विवाद को लेकर वीडियो वायरल होने पर श्याम नगर मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था. उनकी जगह सोनी मौर्या को अध्यक्ष बनाया जा चुका है.
गुरुवार को जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी ने प्रेमलता तिवारी से कहा कि बैठक में भाग नहीं ले सकतीं क्योंकि वह अपेक्षित नहीं हैं. इससे नाराज पूर्व मंडल अध्यक्ष ने उनपर हमला कर दिया और ऐसा घूंसा मारा तो अनीता गिरकर बेहोश हो गईं.

