ABC News: दिल्ली में छठ पूजा को लेकर हो रहे राजनीतिक घमासान के बीच दिल्ली जल बोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा यमुना नदी के पानी से नहाए. उन्होंने ऐसा बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा की तरफ से चुनौती दिए जाने के बाद किया. दावा किया जा रहा था कि यमुना नदी में जहरीला केमिकल मिलाया जा रहा है, जिससे उसमें नहाने वाले लोग बीमार पड़ सकते हैं. दिल्ली जल बोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने यमुना नदी में जहरीला केमिकल होने के फर्जी दावे की पोल खोलने के लिए वो यमुना के पानी से नहाए.
दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी ने कालिंदी कुंज के यमुना घाट पर स्नान किया।
पानी का BOD लेवल 12-13 है, TSS 20 के नीचे है, फास्फेट 0.1 और डिसोल्वड ऑक्सीजन 7.0 से ज़्यादा है। यमुना नदी स्वच्छ है और लोग बेझिझक होकर यहां डुबकी लगा सकते हैं: संजय शर्मा, निदेशक, उपचार गुणवत्ता नियंत्रण,DJB pic.twitter.com/5HtKv5uHcZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 30, 2022
बता दें कि दिल्ली जल बोर्ड के एक अधिकारी ने भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी दिल्ली से सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पार्टी नेता तजिंदर सिंह बग्गा के खिलाफ कालिंदी कुंज में यमुना नदी पर एक ‘एंटी-फोमिंग’ पदार्थ के इस्तेमाल की निगरानी के दौरान कथित तौर पर ‘धमकाने’ के लिए पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है. जान लें कि डीजेबी के उपचार गुणवत्ता नियंत्रण निदेशक संजय शर्मा ने शुक्रवार को कालिंदी कुंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. संजय शर्मा की शिकायत के मुताबिक, सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने ‘बहुत अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मेरे साथ दुर्व्यवहार किया. वह यह झूठा प्रचार भी कर रहे हैं कि मैं डीजेबी के अधिकारियों के साथ मिलकर यमुना नदी के पानी में जहर घोल रहा हूं.’ डायरेक्टर संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने तजिंदर सिंह बग्गा और अपने कुछ सहयोगियों के साथ उन्हें उनकी ड्यूटी करने से रोका और धमकी दी. गौरतलब है कि बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आरोप लगाया था कि छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार की तरफ से कोई इंतजाम नहीं किया गया है. श्रद्धालु यमुना के गंदे पानी में नहाने को मजबूर हैं. इससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है.