ABC News: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने नया कीर्तिमान बनाया है. उन्होंने 2.80 लाख से अधिक वोटों से भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को हराया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से पहली महिला सांसद बन गई हैं.

सपा से डिंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य समेत छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे. गुरुवार की सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई. शुरुआत से ही डिंपल यादव ने बड़ी बढ़त बना ली, जो मतगणना खत्म होने के बाद बड़ी जीत में बदल गई. डिंपल को 617625 वोट मिले, जबकि रघुराज सिंह को 329489 वोट मिले. इस तरह डिंपल ने 288136 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया. बता दें कि 1996 के बाद मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और इसके बाद अब तक सपा कभी इस सीट से नहीं हारी. मैनपुरी लोकसभा सीट के तीन चुनावों में चार बार महिला प्रत्याशी भी लड़ीं, लेकिन जीत का ताज इनसे कोसों दूर रहा. 2004 के उपचुनाव में जहां कांग्रेस के टिकट पर सुमन चौहान ने चुनाव लड़ा था तो वहीं 2009 में भाजपा से तृप्ति शाक्य और और 2014 में बसपा से डॉ. संघमित्रा मौर्या और निर्दलीय प्रत्याशी राजेश्वरी देवी ने चुनाव लड़ा था, लेकिन कोई भी महिला प्रत्याशी नहीं जीत सकी. इस बार उपचुनाव में सपा ने डिंपल यादव को उतारा. चुनाव में मुलायम का जलवा और डिंपल का चेहरा था. प्रचार में सैफई परिवार ने एकजुट होकर डिंपल के लिए वोट मांगे. इसका नतीजा भी उपचुनाव में सपा की बड़ी जीत के तौर पर सामने आया.

