ABC News: कानपुर के बिकरू कांड के बाद निलंबित डीआईजी अनंत देव को लंबे इंतजार के बाद तैनाती मिल गई है. निलंबन के बाद बहाली और फिर लंबे इंतजार के बाद शासन ने उन्हें प्रयागराज रेलवे भेजा है.

गौरतलब हो कि आईपीएस अधिकारी अनंत देव को उत्तर प्रदेश सरकार ने नवंबर 2020 में बिकरू कांड की जांच रिपोर्ट आने के बाद निलंबित कर दिया था. इस दौरान वह डीआईजी पीएसी मुरादाबाद के पद पर तैनात थे. यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अफसर के रूप में पहचाने जाने वाले अनंत देव बिकरू कांड के बाद कुछ फोटो और वॉयरल ऑडियो के चलते विवादों में घिर गए थे. अपर मुख्य सचिव संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में गठित एसआईटी की जांच रिपोर्ट के बाद अनंत देव को निलंबित कर दिया गया था. बता दें कि डीआईजी अनंत देव उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मूल निवासी हैं, कानपुर से उनका गहरा नाता रहा है उनके कई परिजन यहीं शहर में रहते हैं. अनंत ने अपनी शिक्षा फतेहपुर से पूरी की और कॉलेज खत्म करने के बाद सिविल सर्विस की तैयारी के लिए इलाहाबाद (प्रयागराज) चले आए.

अनंत देव 1986 बैच के पीपीएस अफसर हैं, फिर प्रमोशन के बाद उन्हें आईपीएस बनाया गया. वह 1998 में एक साल के लिए कानपुर में तैनात थे. कानपुर में तैनाती के दौरान अनंत देव ने स्वरूप नगर, कलेक्टरगंज समेत तीन सर्किलों की जिम्मेदारी निभाई. इस दौरान अनंत देव कानपुर में कई गिरोहों और अंडरवर्ल्ड से जुड़े अपराधियों के एनकाउंटर के लिए भी जाने गए, उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान डी-39 गैंग की कमर तोड़ दी थी. इसके अलावा अनंत देव ने अतीक गैंग और दाउद इब्राहीम के कई अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया. इसके बाद साल 2007 में मायावती सरकार ने डकैतों के खात्में के लिए उनकी तैनाती पाठा में करा दी. यहां भी अनंत देव ने अपनी कार्यकुशलता को सिद्ध किया था.

