ABC NEWS: 16 साल के हाईस्कूल के छात्र ने आठवीं में पढ़ने वाले अपने दोस्त नीरज कुमार (13 साल) की जान ले ली. आरोपी छात्र ने नीरज की जान महज इसलिए ले ली, क्योंकि उसे स्कूल न जाना पड़े. रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार शाम नीरज की गला दबाकर हत्या करने के बाद आरोपी छात्र खुद गार्डन एनक्लेव पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस वालों से कहा कि उसे जेल भेज दें, क्योंकि वह पढ़ना नहीं चाहता. मामला उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के ननकगढ़ी गांव का है.
गला दबाकर कर दी हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी छात्र ने बताया कि बात करते करते अचानक उसने नीरज का गला दबाना शुरू किया और कांच की बोतल से गला काटने की कोशिश की. इसके बाद उसे हिला-डुला कर देखा कि कहीं वह जिंदा तो नहीं है. नीरज और आरोपी का घर पड़ोस में है, दोनों साथ खेलने जाते थे.
स्कूल ना जाने के लिए कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक आरोपी को स्कूल जाना अच्छा नहीं लगता था. लेकिन फिर भी परिवार के लोग दबाव बनाकर उसे स्कूल भेजा करते थे. वह पढ़ाई में कमजोर था. उसे बहुत कम अंक आते थे. वह महीने में 10 दिन से ज्यादा छुट्टी लेता था. उसने सोचा कि अगर वह जेल चला जाए, तो पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी. उसके बाद वह जेल जाने का तरीका सोचने लगा. उसे किसी से पता चला कि हत्या करने के बाद जेल में लंबे समय तक रहना होता है.

