ABC NEWS: लखनऊ कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलिवेटेड मार्ग के निर्माण कार्य में हो रही पाइलिंग के चलते हर रोज गौरी कस्बे पर लगने वाले भीषण जाम से डिप्टी बृजेश पाठक भी नहीं बच सके. करीब एक बजे के आसपास गौरी कस्बे में डिप्टी सीएम की फ्लीट निकली तो जाम में फंस गई. वे करीब 15 मिनट तक जाम में फंसे रहे.
डिप्टी सीएम की फ्लीट में लगी पुलिस एस्कॉर्ट के पुलिसकर्मियों द्वारा आनन-फानन में रूट क्लियर करवाकर डिप्टी सीएम को निकलवाने की कोशिश की, लेकिन काफी जद्दोजहद करनी पड़ी इसी बीच डिप्टी सीएम बृजेश पाठक गाड़ी से सड़क पर उतर आए. सख्त लहजे में पुलिस कमिश्नर को मामले से अवगत कराया.
आनन-फानन में डीसीपी विनीत जायसवाल, एसीपी कृष्ण नगर विनय द्विवेदी, व ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी गौरी कस्बे में पहुंचे तो, लेकिन तब तक डिप्टी सीएम निकल चुके थे. फिलहाल डिप्टी सीएम निकलने के बाद पुलिस के अधिकारी मौके पर ही रुक कर आधे घंटे तक जाम खुलवाने में लगे रहे.
राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलिवेटेड मार्ग के निर्माण में करीब दो महीने से पाइलिंग का काम किया जा रहा है. एनएचआई द्वारा मुख्य मार्ग पर ही डिवाइडर के आसपस लोहे की चादर बिछा रखी जिससे मुख्य मार्ग काफी संकरा हो चुका है, जिसके चलते स्कूटर्स इंडिया चौराहे से हाइडिल चौराहे तक हर रोज जाम की स्थिति बनी रहती है.
इतनी समस्या होने के बावजूद इस ओर एनएचएआई द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहे हैं. फिलहाल, जाम में फंसने के बाद डिप्टी सीएम ने जिम्मेदारों के विरुद्ध नाराजगी जताई है.

