ABC NEWS: कानपुर में ठंड का पारा चढ़ने के बाद भी डेंगू का डंक लोगों को काट रहा है. बीते 24 घंटे में शहर में डेंगू के 42 नए मरीज सामने आए हैं. इनमें एक 5 माह का मासूम भी शामिल है. सरकारी और प्राइवेट अस्पताल मिलाकर डेंगू के 27 मरीज अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं.
डेंगू की संक्रमण दर 14.43 प्रतिशत
जीएसवीएम मेडिकल कालेज की लैब में 136 मरीजों की जांच में 14 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जिसकी संक्रमण दर 10.29 प्रतिशत है. उर्सला अस्पताल की लैब में 155 मरीजों की जांच हुई, जिसमें 28 डेंगू संक्रमित मिले हैं, जिसकी संक्रमण दर 18.06 प्रतिशत रही है.

एसीएमओ डा. आरएन सिंह का कहना है कि दोनों लैब में 291 मरीजों की जांच की गई, जिसमें 42 डेंगू संक्रमित मिले हैं. जिले में डेंगू की संक्रमण दर 14.43 प्रतिशत रही है.
गंभीर बीमारियों के खतरा गई गुना
डेंगू उन लोगों के लिए और भी घातक होता जा रहा है, जिन्हें पहले से कई गंभीर बीमारियां हैं. डेंगू पीड़ितों में लिवर, किडनी, दिल की बीमारी और हाइपरटेंशन की समस्या से पीड़ित अधिक हैं. इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा है. उर्सला, कांशीराम और हैलट अस्पताल में 14 डेंगू के मरीजों का इलाज चल रहा है. वहीं, निजी अस्पतालों में 13 मरीज भर्ती हैं.

