लखनऊ: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर सोमवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव धर्मात्मा निषाद की आत्महत्या को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंककर नाराजगी जताई।
संजय निषाद पर लगे गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि धर्मात्मा निषाद की आत्महत्या के पीछे निषाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की प्रताड़ना ज़िम्मेदार है। धर्मात्मा निषाद ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर संजय निषाद और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने लिखा था कि पार्टी के भीतर उनके साथ अन्याय और शोषण किया गया, जिससे मजबूर होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
हजरतगंज चौराहे पर कार्यकर्ताओं का हंगामा
सोमवार सुबह समाजवादी छात्र सभा के कई कार्यकर्ता अचानक हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे और संजय निषाद का पुतला फूंक दिया। उनके हाथों में पोस्टर और बैनर थे, जिन पर संजय निषाद और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने “संजय निषाद मुर्दाबाद” और “धर्मात्मा निषाद को न्याय दो” जैसे नारे लगाए।
धर्मात्मा निषाद ने आत्महत्या कर लिया जिन्होंने अपने फ़ेसबुक पोस्ट पर भाजपा सरकार में मंत्री संजय निषाद और उनके दोनों पुत्र प्रवीण निषाद और श्रवण निषाद पर फर्जी मुक़दमा और प्रताड़ना का आरोप लगाया है
— Raj Sahani (@RajSahani181126) February 17, 2025
जिसके संबंध में आज हम लोगो ने लखनऊ हज़रतगंज चौराहें पर संजय निषाद का पुतला फुका pic.twitter.com/PB0bupW1fm
पुलिस के पहुंचने से पहले जला दिया पुतला
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही कार्यकर्ताओं ने संजय निषाद के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले जाया गया।
धर्मात्मा निषाद की आत्महत्या से सियासत गरमाई
धर्मात्मा निषाद की आत्महत्या के बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार पर हमलावर हो गया है। समाजवादी पार्टी ने निषाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संजय निषाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस ने हजरतगंज चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, इस मुद्दे पर निषाद पार्टी और भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

