दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
इससे पहले दिल्ली में कई मतदान केंद्रों पर मॉक पोलिंग की गई, ताकि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाया जा सके। अब तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, नेता विपक्ष राहुल गांधी सहित अन्य नेता, गणमान्य व्यक्ति और आम जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। फिलहाल, मतदान का सिलसिला जारी है और मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
हॉट सीटों पर सबकी निगाहें
इस बार के विधानसभा चुनाव में कई सीटें हॉट सीट के रूप में उभरकर सामने आई हैं। इनमें नई दिल्ली, कालकाजी, पटपड़गंज, जंगपुरा, ओखला, बाबरपुर, चांदनी चौक, ग्रेटर कैलाश, बिजवासन, मालवीय नगर, मटिया महल और नरेला शामिल हैं। इन सीटों पर राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता चुनावी मैदान में हैं, जिससे इन सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
Delhi Election 2025 Voting Live: दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटिंग जारी
— हिन्दी ख़बर | Hindi Khabar 🇮🇳 (@HindiKhabar) February 5, 2025
⏩दिल्ली में 9 बजे तक 8.10% मतदान हुआ
⏩नई दिल्ली में सुबह 9 बजे तक 6.51% मतदान
⏩कालकाजी में 9 बजे तक 6.19% वोटिंग#Delhi #DelhiElections2025 #DelhiAssemblyElection2025 @ArvindKejriwal @AtishiAAP @LambaAlka… pic.twitter.com/kv5JEAlmRf
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। कुल 220 कंपनियों के अर्धसैनिक बलों (सीआरपीएफ) की तैनाती की गई है। इसके अलावा, 19,000 होमगार्ड और 35,626 दिल्ली पुलिस कर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। पुलिस और सुरक्षाबल संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं
चुनाव आयोग ने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए विशेष सुविधाएं प्रदान की हैं। इस बार 18-19 वर्ष के लगभग 2.39 लाख युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर कतारों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर एवं सहायता कर्मियों की भी व्यवस्था की गई है।
मतदान केंद्रों पर उत्साह
शहर में कुल 13,766 मतदान केंद्र और 2,696 मतदान स्थल बनाए गए हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। खासकर युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मतदान प्रतिशत
सुबह 9 बजे तक 8.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग का अनुमान है कि दिन चढ़ने के साथ-साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी।
राजनीतिक दलों की रणनीति
इस बार आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। AAP अपनी सत्ता बनाए रखने की कोशिश कर रही है, वहीं BJP इस बार दिल्ली में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है। कांग्रेस भी अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
मतदाताओं से अपील
चुनाव आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दें। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

