ABC NEWS: कानपुर साढ़ थाना क्षेत्र के पहेवा गांव में बौद्ध कथा कराना दलित समुदाय को भारी पड़ गया. दूसरे वर्ग के लोगों ने देर रात आयोजन स्थल पर हमला कर दिया. ताबड़तोड़ फायरिंग करने के साथ ही आयोजकों को जमकर पीटा. रविदास प्रतिमा को तोड़ दिया, कुर्सियां तोड़ी और पूरा पांडाल तहस-नहस कर दिया. धमकी दी कि अगर अब गांव में बौद्ध कथा का आयोजन हुआ तो लाश उठेगी.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इसके साथ ही तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
सोमवार की देर रात दलित समुदाय के कार्यक्रम में अराजकतत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। तंबू में सो रहे ग्रामीणों को जमकर पीटा. संत रविदास की मूर्ति को भी दबंगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके अलावा दबंगों ने अंधाधुंध गोलीबारी करके तोड़फोड़ भी की। देर रात घटी इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. दलितों संग मारपीट की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार यहां 15 दिसंबर से बौद्ध कथा का आयोजन चल रहा है. सोमवार की देर रात कार सवार कुछ लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और दलित समाज को अपमानित करते हुए हंगामा करने लगे. युवकों ने मौके पर मिले टेण्ट व लाइट कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं संत रविदास की प्रतिमा को भी खंडित कर दिया. घटना की जानकारी पर जेसीपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले में विधायक पीआरओ समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है.

आयोजक रामसागर पासवान ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे कथा समापन के बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गये तभी रात करीब दो बजे तीन कार सवार करीब पन्द्रह लोग मौके पर मौजूद थे. लोगों ने कार्यक्रम स्थल में पहुंचकर फायरिंग के साथ तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया. पंडाल के नीचे सो रहे टेण्ट कर्मी विकास उर्फ पिंटू कुशवाहा, नितिन व पंकज निवासी कुम्हेड़िया ने विरोध किया, तो जमकर मारपीट पीटा गया जिससे पिन्टू गंभीर घायल हो गया, उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वहीं हमलावरों पर लूटपाट करने का भी आरोप है. घटना के बाद दलित समाज ने नाराजगी जताई तो जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी, नीलाब्जा चौधरी सहित अन्य फोर्स मौके पर पहुंचे. मामले में प्रशासन ने विधायक सरोज कुरील के पीआरओ मनीष तिवारी सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है. संत रविदास की खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा लगवाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर कथा दोबारा शुरु कराई गयी. जेसीपी ने बताया कि मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.

