अलीगढ़ में दरोगा की गोली से सिपाही की मौत हो गई है. SOG और पुलिस टीम गोकशी के आरोपियों को पकड़ने गई थी. इसी दौरान दरोगा की पिस्टल लॉक हो गई. उसे अनलॉक करने में गोली चल गई. बुलेट दरोगा के पेट को छूते हुए SOG सिपाही याकूब के सिर में जाकर लगी. सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई. घायल सब इंस्पेक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मामला गभाना का है. पुलिस को यहां गोकशी की सूचना मिली थी. इसके बाद थाना गांधी पार्क और SOG टीम दबिश देने पहुंच गई. इस दौरान दरोगा मजहर हसन की पिस्टल फंस गई, जिसे दूसरे दरोगा राजीव कुमार ने अनलॉक करने का प्रयास किया. तभी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. गोली राजीव कुमार के पेट में लगते हुए पास में खड़े SOG के हेड कॉन्स्टेबल याकूब के सिर में जा लगी. दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घायल दरोगा बोले- बंदूक फंस गई थी
जिला अस्पताल में भर्ती घायल दरोगा राजीव ने बताया- आज रात को हम लोग दबिश देने गए थे. मेरे मुखबिर ने ही सूचना दी थी. अपराधी बुलंदशहर का रहने वाला है. संयुक्त टीम के साथ हम लोग जगंल में गए थे. इस दौरान सभी ने कहा कि अपनी पिस्टल अनलॉक कर लो. इस दौरान दरोगा मजहर हसन जी की पिस्टल लॉक हो गई. उन्होंने मुझे पिस्टल ठीक करने के लिए दी. मैं उसे ठीक कर रहा था, तभी गोली चल गई. यह गोली मेरे पेट में लग गई. इसके बाद क्या हुआ मैं नहीं जानता. और कोई बात नहीं थी.
मुखबिर की सूचना मिली, देर रात हुई घटना
SSP संजीव सुमन ने कहा- देर रात करीब डेढ़ बजे यह दुखद घटना हुई है. दरअसल, हमें पता चला 9 जुलाई को गभाना में गोकशी हुई थी. मुखबिर ने सूचना दी कि आज रात को फिर से वही गोकश घटना करने वाले हैं. इसके बाद टीम बनाई गई। SOG और गभाना थाने के जवान थे. इस दौरान सभी ने अपनी पिस्टल अनलॉक की. मौके पर दरोगा मजहर हसन की पिस्टल फंस गई थी. दूसरे दरोगा राजीव ने पिस्टल अनलॉक करने के लिए ले ली. वह इसे अनलॉक करने का प्रयास करने लगे. इस दौरान गोली चल गई. यह गोली खुद भी उनके पेट को छूते हुए वहां खड़े SOG कॉन्स्टेबल याकूब के सिर पर जा लगी. दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. यहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने याकूब को मृत घोषित कर दिया.
मृतक जवान के घर वालों को सूचना दे दी गई है. घायल दरोगा खतरे से बाहर हैं. सभी उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई है. हमने अस्पताल पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया है. अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.

