ABC NEWS: हिमाचल प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार सुबह बारिश हुई है. इसके चलते तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है. ऊना, कांगड़ा जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. इसके अलावा लाहौल स्पीति, मनाली, किन्नौर, चंबा जैसे ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी चल रही है. यही नहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में जोरदार बारिश हुई है. इससे तापमान थोड़ा गिरा है और किसानों को भी चिंता सताने लगी है. इसकी वजह यह है कि धान की फसल लगभग तैयार है और ऐसे समय में भारी बारिश होना उसे नुकसान पहुंचा सकता है.

हरियाणा के अंबाला, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और कुरुक्षेत्र में अच्छी खासी बारिश हुई है. इसके अलावा पंजाब के लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली में भी भारी बारिश से कई जगहों पर पानी भर गया. यही नहीं मौसम विभाग का कहना है कि आज शाम तक दिल्ली एनसीआर के भी इलाकों में बारिश हो सकती है. इससे एयर क्वॉलिटी इंडेक्स में सुधार आ सकता है. राजधानी की हवा बीते कई दिनों से खराब लेवल पर चली गई है. ऐसे में बारिश होने से प्रदूषण थोड़ा कम हो जाएगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में भी गिरावट आ जाएगी.
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में तापमान औसत से ज्यादा पाया गया है. आमतौर पर टेम्परेचर 30 डिग्री सेल्सियस रहता था, लेकिन बीते सप्ताह यह 36 डिग्री सेल्सियस के पार रहा. ऐसे में सोमवार की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है. इसके अलावा हवा की गुणवत्ता में भी सुधार आ सकता है. अधिकारियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत में दिख सकता है. इसके चलते सोमवार और मंगलवार को बारिश होनी है. दिल्ली-एनसीआर के अलावा पश्चिमी यूपी के शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ में भी बारिश की संभावना है.

हिमाचल में अचानक लुढ़का पारा, बर्फबारी भी खूब
हिमाचल के पांच शहरों कल्पा, नाहन, केलांग, पालमपुर और डल्हौजी का पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है. इसके अलावा केलांग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.1 डिग्री, रिकांगपिओ में 6.8 डिग्री, कुफरी में 8.8 डिग्री, सियोबाग में 8.5 डिग्री, शिमला में 11 डिग्री, सुंदरनगर में 13 डिग्री रहा है. धर्मशाला में भी तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है. पालमपुर, मनाली, कांगड़ा, मंडील और शिमला में भी तापमान कम ही हुआ है.

