ABC NEWS: यूपी में मृतक आश्रित कोटे में नियुक्ति को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. अब मृतक आश्रित कोटे पर अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने वालों को टाइपिंग की परीक्षा पास नहीं करने पर नई नियुक्ति दी जाएगी. टाइपिंग की परीक्षा पास नहीं कर पाने वाले को चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्ति दी जाएगी. अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक डा. देवेश चतुर्वेदी ने मंगलवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है.
उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली 1974 में संशोधन कर दिया गया है. इसमें व्यवस्था कर दी गई है कि समूह ‘ग’ के पद पर नियुक्ति के दो साल के अंदर टाइपिंग परीक्षा पास न करने पर उसे चतुर्थ श्रेणी के पद पर नई नियुक्ति दी जाएगी.
तय समय के अंदर अगर वह कार्यभार ग्रहण नहीं करता है तो उसकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी. अभी तक टाइपिंग की परीक्षा पास नहीं करने पर नौकरी से निकाल दिया जाता रहा है.
मृतक आश्रित सेवा नियमावली के मुताबिक स्नातक तक डिग्री धारकों को अनुकंपा के आधार पर समूह ‘ग’ के पद पर सीधे भर्ती की जाती है. ऐसे कर्मियों को टाइपिंग परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है. इसके लिए उन्हें दो साल का मौका दिया जाता है.
पहले साल में परीक्षा पास न करने पर ऐसे कर्मियों की एक वेतन वृद्धि रोक दी जाती है. दूसरे साल भी टाइपिंग परीक्षा पास न करने पर नियमावली में ऐसे कर्मियों को नौकरी से बाहर करने का प्रावधान है. इसके लिए उनसे नियुक्ति के समय ही शपथ पत्र ले लिया जाता है.
नियमावली के आधार पर टाइपिंग परीक्षा में पास न कर पाने वालों को बाहर करने की व्यवस्था है. इस तरह की कार्रवाई होने पर कर्मचारी हाईकोर्ट चले जाते हैं। इसको लेकर विभागों को जवाब देना पड़ता है. कुछ मामलों में तो निकाले गए कर्मियों को दोबारा रखना भी पड़ा है. इसीलिए कार्मिक विभाग इस समस्या का स्थाई समाधान करना चाहता है.
कार्मिक विभाग ने मृतक आश्रित सेवा नियमावली-1974 में संशोधन करते हुए इसमें टाइपिंग परीक्षा पास न कर पाने वालों को निकालने के स्थान पर पदवन्नत करने का प्रावधान किया जा रहा है. कार्मिक विभाग का मानना है कि इससे कर्मियों को जहां राहत मिलेगी, वहीं पर विभाग को कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने की भागदौड़ से राहत मिलेगी.

