ABC News: कांवड़ मेले में विभिन्न राज्यों से शिवभक्तों का हरिद्वार पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. शनिवार को हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कावड़ियों के पैर धोकर आशीर्वाद लिया. इस दौरान उनके साथ पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे.

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हरिद्वार दौरे पर रहे, जहां उन्होंने ओम पुल पर आयोजित समारोह में कांवरियों का स्वागत किया. हरिद्वार में इस समय कावड़ यात्रा चल रही है और बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं. जिनका स्वागत करने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे

ओम पुल पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवरियों के पांव धोकर और फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया, हालांकि पूरे कार्यक्रम से मीडिया को दूर रखा गया. कांवड़िये लगातार गंगाजल भरकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं. बीते मंगलवार से कांवड़ मेले की शुरुआत हो गई थी.

पहले दिन हरिद्वार पहुंचे विभिन्न राज्यों के 1.10 लाख कांवड़ियों ने गंगाजल भरा था. दूसरे दिन 8.50 लाख कांवड़ियों ने गंगा जल भरा और अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए. दो दिन के अंदर 9.60 लाख कांवड़िये गंगाजल भर चुके हैं. हरकी पैड़ी क्षेत्र से लेकर पंतद्वीप स्थित कांवड़ मेला बाजार, रोड़ीबेलवाला में शिवभक्ताें की संख्या काफी नजर आई.

