ABC NEWS: उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र (Kotdwar) में मंगलवार शाम से ही रुक-रुक कर मूसलधार बारिश का दौर शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा. वर्षा के कारण कोटद्वार शहर और इससे लगे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. इलाके की मालन सुखरो व खो नदियों के साथ ही बरसाती गदेरे भी उफान पर हैं. यहां पर हालात खराब हैं. हल्द्वानी में भी तेज़ बारिश से तबाही मची हुई है. जारी वर्षा के कारण कोटद्वार शहर व इससे लगे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.
नदी-नाले उफान पर
मंगलवार देर शाम से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी नाले उफान में आ गए हैं. इस दौरान पनियाली गदेरे ने भी भारी तांडव मचाया. लोगों के घरों के अंदर तक कई फीट पानी पंहुच गया. वहीं देर रात भी पनियाली गदेरे ने रौद्र रूप अपनाते हुए सड़क को भी नदी में तब्दील कर दिया. देवीरोड के पुल को भी नुकसान पंहुचने का अंदेशा लगाया जा रहा है. गदेरे के रौद्र रूप को देखते हुए भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि प्रशासन ने गदेरे से लगे हुए लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर पंहुचा दिया है. कोटद्वार के अधिकांश क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं.
हल्द्वानी में तेज़ बारिश से तबाही
हल्द्वानी में तेज़ बारिश ने तबाही मचाई है. रकसिया नाले के उफान पर आने से कई घरों में मलबा घुस गया है. देर रात से ही नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट क़ी टीम लगतार निरीक्षण कर रही है. भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सबसे पहले मलबा हटाने का काम किया जा रहा है. जेसीबी से पेड़ हटाने का काम जारी है. नालों के किनारे लगातार भू-कटाव हो रहा है, जिसको देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जा रहा है. कलसिया और रकसिया नाले के किनारों से कई प्रभावित परिवारों को शिफ्ट कराया जा चुका है. पानी क़ी निकासी के लिये जगह बनाई जा रही है जिससे तेज़ बारिश होने पर पानी का ड्रेनेज़ बाहर हो सके.
कोटावाली नदी रपटे पर मिली युवक की लाश
यूपी उत्तराखंड के रास्ते पुलिस ने बंद कर दिए हैं. थाना मंडावली के कोटावाली नदी रपटे पर युवक की लाश मिली है. रपटे पर आए पानी से शिव भक्तों की दुश्वारियां बढ़ी हैं. वाहनों की लंबी कतारें लग गई है. जाम के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सीएम की आपदा संबंधित बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार शाम प्रदेश में भारी वर्षा से उत्पन्न आपदा की स्थिति की मुख्य सचिव तथा अपर मुख्य सचिवों सहित शासन के उच्चाधिकारियों के साथ जनपदवार गहन समीक्षा की. प्रदेश के सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुडे थे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आपदा प्रभावितों को वितरित किये जाने वाले मुवावजे में व्यवहारिकता का ध्यान रखने तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को हेली सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये. उन्होंने बरसात के तुरन्त बाद प्रदेश की सड़कों की मरम्मत का कार्य प्रारम्भ करने तथा देहरादून की सड़कों अविलम्ब आवश्यक मरम्मत करने के भी निर्देश दिये.

