ABC NEWS: एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र में बेसिक स्कूलों के कक्षा एक से तीन तक के बच्चे भी अब एनसीईआरटी की किताबें पढ़ेंगे. हालांकि उच्चाधिकारी अभी शासनादेश का इंतजार कर रहे हैं लेकिन विभाग स्तर पर इसकी तैयारी हो गई है. किताबों के लिए एनसीईआरटी को वर्क आर्डर भी दिया जा चुका है. जानकार मान रहे हैं कि शुरुआती कक्षाओं से ही एनसीईआरटी की किताबें पढ़ने से बच्चों की नींव मजबूत होगी और वे भी भविष्य के कड़े प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए तैयार हो सकेंगे.
प्रदेश सरकार ने 2018 में परिषदीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से एनसीईआरटी (राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) की किताबें लागू करने का फैसला लिया था. हालांकि फैसले के कुछ समय बाद ही सामने आए कोरोना के खौफ ने इस महत्वाकांक्षी योजना को सिरे नहीं चढ़ने दिया था. शासन ने इस दिशा में फिर से कदम बढ़ाया है. बीते दिनों लखनऊ में हुई विभागीय बैठक में इसे लेकर मंथन भी हो चुका है. अप्रैल से शुरू वाले सत्र से कक्षा एक से तीन तक की किताबों के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. एससीईआरटी इस बार कक्षा चार से आठवीं तक की किताबें ही उपलब्ध कराएगा. कक्षा तीन तक की किताबों का जिम्मा एनसीईआरटी को दिया गया है. इसके लिए एनसीईआरटी को वर्क आर्डर भी दे दिया गया है.

