ABC NEWS: नए साल के आरंभ से शुरू हुआ सर्दी का सितम जारी है. बर्फीली हवाओं से शुक्रवार को भी पूरा उत्तर प्रदेश ठिठुरता रहा. बीते 24 घण्टों में के दौरान प्रदेश के कानपुर व अयोध्या सबसे ठण्डे स्थान रहे जहां रात के तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लखनऊ में न्यूनतम पारा 4.0 डिग्री रहा. कानपुर और आसपास के जिलों में शुक्रवार को 29 लोगों की सर्दी के कारण मौत हो गई. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल अगले तीन दिन तक ठिठुरन भरी कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है. तीन दिन बाद रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, दिन में धूप भी निकलेगी. मगर उसके बाद नौ से 11 जनवरी के बीच उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की वजह से चलने वाली पश्चिमी सर्द हवा यूपी के जनजीवन पर भी असर डालेंगी. दिन व रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का सितम और बढ़ेगा.
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के कार्यवाहक निदेशक पूर्वानुमान मोहम्मद दानिश ने बताया कि नौ जनवरी तक प्रदेश में कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहेगा. पश्चिमी यूपी में शीतलहर का प्रकोप रहेगा. अगले तीन दिनों तक प्रदेश में रात का तापमान औसतन सामान्य से तीन डिग्री तक कम दर्ज होगा.
फिर पलटेगा मौसम, गिरेगा पारा
नौ जनवरी के बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं. इस बीच प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी होगी और थोड़ी राहत मिलेगी. मगर उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तर प्रदेश में 11 जनवरी के बाद मौसम फिर पलटेगा और पारा गिरेगा। गलन और ठिठुरन भरी ठंड बढ़ेगी.
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक सीताराम मिश्र ने बताया कि सुबह सात बजे रिकार्ड किया गया न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस निकला. हालाकि इससे पहले 2 जनवरी 2021 को भी पारा इतना ही रिकार्ड किया गया था. अधिकतम तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री कम था. सीतापुर में भी न्यूनतम तापमान चार डिग्री रिकार्ड किया गया.
बृज मण्डल में दिन में निकली हल्की धूप भी उसे कम नहीं कर पा रही. आगरा और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे चल रहा है. एटा-कासगंज, फिरोजाबाद में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। मथुरा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा.
प्रयागराज में शुक्रवार को भी ठंड का कहर जारी रहा. सूर्य के न निकलने और बर्फीली हवा चलने से दिन भर ठिठुरन और कंपकंपी रही. बरेली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री दर्ज किया गया.
दिन में गुनगुनी धूप निकलने से लोगों को शीतलहर से आंशिक राहत मिली. वाराणसी समेत आठ जिलों में न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई. वहीं आजमगढ़, जौनपुर और मऊ के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. दस जिलों में आजमगढ़ शुक्रवार को सबसे सर्द रहा. आजमगढ़ का न्यूनतम तापमान घटकर 4.0 डिग्री, जौनपुर में 4.1 और मऊ का 5.8 डिग्री पहुंच गया.
गोरखपुर मण्डल में दिन के तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई. कानपुर में गुरुवार को फिर मौसम की सबसे सर्द रात रही. 22 वर्षों बाद पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। दिन का पारा गुरुवार के मुकाबले 15.2 से घटकर 12.2 डिग्री सेल्सियस हो गया. तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ गई। यह भी सामान्य से 3.8 डिग्री कम है.
मुरादाबाद में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रामपुर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री, अमरोहा में चार और संभल में तीन डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. कड़ाके की ठंड को देखते हुए मुरादाबाद में नवीं से 12वीं तक के स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे, जबकि रामपुर में 12 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.
खेतों में नमी बनाए रखें किसान
कृषि विभाग के रिटायर उप निदेशक डा.सी.पी.श्रीवास्तव ने बताया कि पहली जनवरी से उत्तर प्रदेश में दिन व व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. ऐसे में खेती में फफूंद से पैदा होने वाले रोगों का खतरा बढ़ जाता है. सबसे बुरा असर मटर की फसल पर पड़ेगा और उसके बाद सरसों की फसल पर. मगर गेहूं, चना, जौ और मसूर की फसलों पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ेगा। मगर किसान खेतों में नमी बनाए रखें. चना और मसूर की फसलों में अगर फूल आ गये हैं तो सिंचाई न करें. अगर फूल नहीं आए हैं तो हलकी सिंचाई कर दें. बागवानों को भी सलाह है कि वह बागों में हल्की सिंचाई करें.

