ABC News: किंग चार्ल्स तृतीय को शनिवार को ‘एक्सेशन काउंसिल’ के एक ऐतिहासिक समारोह में ब्रिटेन का नया महाराज घोषित किया गया. समारोह का पहली बार टेलीविजन पर प्रसारण किया गया. उनकी मां एवं महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का बृहस्पतिवार को निधन हो जाने के बाद 73 वर्षीय पूर्व प्रिंस ऑफ वेल्स की ताजपोशी की गई है.

शनिवार का समारोह लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में ताजपोशी की औपचारिक घोषणा करने और उनके शपथ ग्रहण के लिए आयोजित किया गया. महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सबसे बड़े बेटे 73 वर्षीय चार्ल्स अपनी मां के निधन के बाद स्वाभाविक रूप से सम्राट बन गए थे और महारानी के निधन के 24 घंटों के भीतर पारंपरिक रूप से राज्याभिषेक संबंधी एक परिषद की बैठक बुलायी जाती है लेकिन महारानी के निधन की घोषणा में विलंब होने के कारण इस समारोह को शुक्रवार को आयोजित करने के लिए पर्याप्त समय नहीं बचा था. इस समारोह में चार्ल्स की पत्नी कैमिला शामिल हुईं जो अब क्वीन कंसोर्ट बन गयी हैं.किंग चार्ल्स तृतीय अपने बेटे एवं उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम के साथ समारोह में शरीक हुए. प्रिंस विलियम नये प्रिंस ऑफ वेल्स हैं.

