ABC News: भारत के चंद्रयान-3 मिशन के लिए गुरुवार को बड़ी खुशखबरी आई है. चंद्रयान-3 के लैंडर और प्रोपल्शन मॉड्यूल योजना के मुताबिक, दो टुकड़ों में टूटकर अलग-अलग चांद की यात्रा कर रहे हैं. इसी के साथ चंद्रयान-3 का लैंडर अब चांद के और करीब पहुंच गया है. यह 23 अगस्त को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा.
Chandrayaan-3 Mission:
‘Thanks for the ride, mate! ?’
said the Lander Module (LM).LM is successfully separated from the Propulsion Module (PM)
LM is set to descend to a slightly lower orbit upon a deboosting planned for tomorrow around 1600 Hrs., IST.
Now, ?? has3⃣ ?️?️?️… pic.twitter.com/rJKkPSr6Ct
— ISRO (@isro) August 17, 2023
इसरो ने आज चंद्रयान-3 के प्रोपल्शन मॉड्यूल को लैंडर और रोवर से अलग किया. अब प्रोपल्शन मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में रहकर धरती से आने वाले रेडिएशन्स का अध्ययन करेगा जबकि लैंडर-रोवर 23 अगस्त को शाम 5:47 बजे चंद्रमा की सतह पर उतरेंगे. यहां वो 14 दिन तक पानी की खोज सहित अन्य प्रयोग करेंगे. सेपरेशन के बाद लैंडर मॉड्यूल ने प्रोपल्शन मॉड्यूल से कहा- ‘थैक्स फॉर द राइड मेट’. इसरो ने बताया कि लैंडर और प्रोपल्शन मॉड्यूल के अलग होने के बाद शुक्रवार शाम 4 बजे लैंडर को डीबूस्टिंग के जरिए थोड़ी निचली कक्षा में लाया जाएगा. इससे पहले चंद्रयान ऐसी गोलाकार कक्षा में घूम रहा था जिसमें उसकी चंद्रमा से सबसे कम दूरी 153 Km और सबसे ज्यादा दूरी 163 किलोमीटर है. इसरो के वैज्ञानिकों ने 16 अगस्त को सुबह करीब 08:30 बजे यान के थ्रस्टर कुछ देर के लिए फायर किए थे. इसके बाद चंद्रयान 153 Km X 163 Km की करीब-करीब गोलाकार कक्षा में आ गया था. प्रोपल्शन मॉड्यूल से अलग होने के बाद अब लैंडर को डीबूस्ट किया जाएगा. यानी उसकी रफ्तार धीमी की जाएगी. यहां से चंद्रमा की न्यूनतम दूरी 30 किमी रह जाएगी. सबसे कम दूरी से ही 23 अगस्त को चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग की कोशिश की जाएगी. लैंडर को 30 किमी की ऊंचाई से चंद्रमा की सतह पर लैंड कराने तक की यह प्रक्रिया बहुत महत्वपूर्ण होगी. उसे परिक्रमा करते हुए 90 डिग्री के कोण पर चंद्रमा की तरफ चलना शुरू करना होगा. लैंडिंग की प्रक्रिया की शुरुआत में चंद्रयान-3 की रफ्तार करीब 1.68 किमी प्रति सेकंड होगी. इसे थ्रस्टर की मदद से कम करते हुए सतह पर सुरक्षित उतारा जाएगा.

