ABC News: पीरियड या माहवारी एक ऐसा शब्द है, जिसे लेकर अक्सर महिलाएं बात करने में संकोच करती हैं. इसको लेकर अभी भी कई जगहों पर रूढ़िवादिता हावी है लेकिन उत्तराखंड से एक ऐसी खबर सामने आयी, जिसमें इसको लेकर समाज में आ रही जागरूकता की एक नई कहानी बयां की है.

पीरियड्स को लेकर जागरूकता की यह कहानी उत्तराखंड के काशीपुर के एक माता-पिता से जुड़ी है. इनकी एक पोस्ट इंटरनेट मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है. इसको लेकर कुछ लोग जहां जितेंद्र की इस सोच की खुलकर तारीफ कर रहे हैं तो कुछ को अभी भी ऐसे बदलाव से आपत्ति है. इसी सप्ताह मंगलवार को जितेंद्र भट्ट की पत्नी भावना ने उन्हें बताया कि उनकी 13 साल की बेटी रागिनी को पीरियड्स शुरू हो गए हैं.

बेटी थोड़ा असहज थी, लेकिन दोनों माता-पिता ने बेटी को एक साथ बैठाया और उसे बताया कि पीरियड्स उसके लिए किस तरह से स्पेशल है. ये कोई शर्म और संकोच की बात नहीं है. ये एक ताकत है. सृजन की ताकत जो सिर्फ़ उत्सव और खुशी की बात है. इस मौके पर माता-पिता ने सभी आस-पड़ोस के लोग और अपने रिश्तेदारों को बुलाया. फिर केक काटा गया रागिनी के पहले पीरियड्स का केक… मेहमान रागिनी के पहले पीरियड शुरू होने पर उसके लिए तरह-तरह के गिफ्ट भी लेकर आए.

फोटोग्राफ निकाली गईं. उस उत्सव के तमाम वीडियो बने. केक का आर्डर लेने वाले दुकानदार का भी कहना है कि वाकई यह कुछ नया है और मैं भी पूरे परिवार को बधाई देता हूं. जब पहली बार मुझे आर्डर दिया गया तो मैं भी थोड़ा संभला और फिर से पूछा क्या संदेश देना है, लेकिन अगली आवाज उनके पिता की थी और उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी के लिए ऐसी पहल कर रहे हैं. मैं भी खुद को गौरवांवित मानता हूं कि मैं इस पहल का एक हिस्सा हूं. आने वाली पीढ़ी के लिए ऐसा बदलाव अच्छा है. अपनी तरह का ये अनोखा उत्सव लोगों को निश्चय ही एक नई सोच की तरफ़ सोचने को मजबूर करेगा.

पीरियड को लेकर लोगों की सोच में बहुत बदलाव आया है. शासन और प्रशासन के स्तर पर भी बहुत कुछ हो रहा है. पीरियड के दौरान साफ़ सफ़ाई, अच्छे पोषक भोजन के बारे में जागरुकता बढ़ रही है, लेकिन अभी भी ये योजनाएं ऊंट के मुंह में जीरा जैसी ही हैंं. ये तभी सम्भव होगा जब व्यक्तिगत रूप से हम जितेंद्र भट्ट और भावना की तरह सोचने लगेंगे. जब हम पीरियड को लेकर खुल कर बात करेंगे.

