ABC News: उत्तराखंड में एक कारोबारी की सांप से कटवाकर हत्या करने का मामला सामने आया है. मामला उत्तराखंड के हलद्वानी का है. यहां पर कारोबारी की बहन की तहरीर के आधार पर माही व दीप कांडपाल नाम के युवक पर हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस जल्द मामले का पर्दाफाश कर सकती है.

मंगलवार को पुलिस को दी तहरीर में कारोबारी की बहन ईशा चौहान ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई अंकित चौहान 14 जुलाई को शाम छह बजे अपने शोरुम आटो एम्पायर रामपुर रोड से अपनी कार में निकला था. इससे पहले अंकित ने छोटे भाई अभिमन्यू को बताया कि वह माही व दीप काण्डपाल से कुछ बात करने जा रहा है. इसके बाद अंकित नहीं लौटा. उन्हें शक है कि माही व उसके साथी दीप कांडपाल ने साजिश के तहत उसके भाई की हत्या कराई है. कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों युवकों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है.

ऐसा है मामला
रामपुर रोड स्थित रामबाग कालोनी निवासी 30 वर्षीय अंकित चौहान पुत्र धर्मपाल सिंह का रामपुर रोड में आटो एंपायर शोरूम है. जहां पर पुरानी कार खरीदने व बेचने का काम होता है. इसके अलावा खान चंद मार्केट में होटल चलता है. 14 जुलाई को अंकित अपनी कार से निकले, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचे. उनके भाई अभिमन्यु ने कई बार फोन किया, जो रिसीव नहीं हुआ था. शनिवार की सुबह तीनपानी रेलवे फाटक के पास कार में अंकित की लाश मिली थी. कारोबारी अपनी ही कार की पिछली सीट पर थे. कार स्टार्ट थी और शीशे व दरवाजे सब बंद थे. इसलिए पुलिस पहले इस मामले को एसी की गैस से मौत मान रही थी. मगर कारोबारी के परिजन व दोस्तों ने हत्या का आरोप लगाकर जांच की मांग की थी. 16 जुलाई को पुलिस ने कार की फोरेंसिक जांच कराई. कारोबारी के दोनों पैरों में सांप के काटने के निशान मिलने से पुलिस हरकत में आ गई थी. अमूमन सांप किसी को काटता है तो शरीर के किसी एक हिस्से को काटता है. लेकिन अंकित के दोनों पैरों में सांप ने काटा था. ऐसे में पुलिस के शक की सुई घूमी. एसएसपी पंकज भट्ट ने प्रकरण की कमान सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धोनी, कोतवाल हरेंद्र चौधरी व एसओजी प्रभारी राजवीर नेगी को सौंपी है.

