सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी के अंदरूनी मामले में कूद पड़े हैं. अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य की पोस्ट को लेकर बीजेपी को घेरा है. अखिलेश यादव ने बुधवार को केशव की पोस्ट के बाद चुटकी लेते हुए एक्स पर लिखा कि भाजपा की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में, उप्र में शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है. तोड़फोड़ की राजनीति का जो काम भाजपा दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम वो अपने दल के अंदर कर रही है, इसीलिए भाजपा अंदरूनी झगड़ों के दलदल में धंसती जा रही है. जनता के बारे में सोचनेवाला भाजपा में कोई नहीं है.
दरअसल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि संगठन सरकार से बड़ा है, कार्यकर्ताओं का दर्द मेरा दर्द है संगठन से बड़ा कोई नहीं, कार्यकर्ता ही गौरव है. इस पोस्ट के बाद सियासी चर्चांए शुरू हो गईं. कुछ देर अखिलेश यादव ने इस पोस्ट पर चुटकी ली.
इससे पहले उत्तर प्रदेश की विस्तारित कार्य समिति की बैठक के बाद राज्य के दो प्रमुख नेताओं उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से अलग-अलग मुलाकातें की. भाजपा मुख्यालय में मंगलवार देर शाम हुई इन मुलाकातों में केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी में एकजुटता बनाए रखने, कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा रखने और संयम के साथ बोलने की नसीहत दी है.

