ABC News: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन की ओर से गुरुवार को पटना के मौर्या होटल में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई. इस मौके पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआईएम के दीपांकर भट्टाचार्य और अन्य सहयोगी दलों के नेता उपस्थित रहे. इस दौरान सार्वजनिक रूप से ऐलान कर दिया गया कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के सीएम फेस होंगे. अशोक गहलोत ने ये ऐलान किया है.

महागठबंधन ने स्पष्ट कहा कि पूरा गठबंधन एकजुट है. बिहार में बदलाव लाने के लिए तैयार है. महागठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा तेजस्वी यादव होंगे. वहीं मुकेश सहनी को महागठबंधन ने उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है. कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि, सरकार बनने पर अन्य वर्गों से भी उपमुख्यमंत्री बनाएं जाएंगे. सभी दलों ने एक स्वर में कहा कि भारी बहुमत से हमलोग सरकार बनाने जा रहे हैं. वहीं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि हमलोग पिछले साढ़े तीन साल से इस समय का इंतजार कर रहे थे. हमलोगों ने प्रण लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं. आज वह समय आ चुका है. चुनाव के बाद बिहार की जनता भाजपा को खदेड़ देगी. महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है. भाकपा माले के वरिष्ठ नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में कुछ चंद सीटों के कारण हमलोग सरकार नहीं बना पाए. आज फिर से वह समय आया है. नीतीश सरकार ने छात्रों के साथ अन्याय किया. उनपर लाठियां बरसाई. महिलाओं को रोजगार योजना के नाम पर 10 हजार देकर छल किया. पूरे देश में लोगों की आशंका है कि क्या बिहार में महाराष्ट्र चुनाव वाला किस्सा दोहराया जाएगा. लेकिन, हम लोगों को आश्वास्त करते हैं कि बिहार बिल्कुल तैयार है. महागठबंधन के सातों दल पूरी एकता के साथ बदलाव के एजेंडे को पूरा करेंगे. कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में एनडीए को अच्छी टक्कर दी. पिछले चुनाव में महागठबंधन मामूली वोटों के अंतर से पीछे रह गए. एनडीए संवैधानिक संस्थाओं को दुरुपयोग कर खेला करना चाहता है. यह लोग चुनाव जीतने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं. इस चुनाव में अगले मुख्यमंत्री के रूप में हमलोग तेजस्वी यादव को चुनते हैं. वह नौजवान हैं. जो कहते हैं करते हैं. अब तक जो वादे किए, उसमें खरे उतरे. इसलिए महागठबंधन ने फैसला लिया है कि हमलोगों का मुख्यमंत्री चेहरा तेजस्वी यादव ही होंगे.

तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन को नया बिहार बनाना है. इसलिए हमलोग एकजुट हुए हैं.हमलोग इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुके हैं. तेजस्वी यादव ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार के साथ एनडीए में अन्याय किया गया है. एनडीए ने एक बार भी संयुक्त प्रेस वार्ता नहीं की. अब तक मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार को घोषित किया गया है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा, सीएम नीतीश कुमार की पार्टी को खत्म करना चाहती है. उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र में सरकार हैं लेकिन देश का सबसे ज्यादा गरीब और पिछड़ा राज्य बिहार है. एनडीए सरकार में लगातार पुल गिर रहे हैं. चूहे शराब पी रहे हैं. रोज गोलियां चलती है. तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए वाले नकलची हैं. इनके नेता थके हुए हैं. यह लोग बिहार को ठगने में लगे हुए हैं. हमलोगों ने पांच लाख नौकरियां दी. साढ़े तीन लाख नौकरियां प्रक्रियाधीन करवाई. हमलोगों ने यह घोषणा की है कि महागठबंधन की सरकार बनते ही हर परिवार में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी. माई-बहिन मान योजना लागू करेंगे. गैस सिलेंडर को पांच सौ रुपया करेंगे. जीविका दीदी को स्थायी नौकरी और 30 हजार रुपया प्रतिमाह देने का एलान किया. इसके अलावा बिहार सरकार में काम करने संविदाकर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा देंगे. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता परिवर्तन चाहती है.

