देहरादून: उत्तराखंड की ब्यूरोक्रेसी में अगले कुछ दिन बेहद अहम रहने वाले हैं। मुख्य सचिव पद से लेकर शासन में सचिव और जिलाधिकारियों तक के बड़े फैसले होने जा रहे हैं। सबसे बड़ी चर्चा मुख्य सचिव के पद को लेकर है, जिसमें आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह उनका राज्य में सबसे सीनियर आईएएस अधिकारी होना है।
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का कार्यकाल समाप्त
वर्तमान मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का सेवा विस्तार 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। यानी अब उनके पास सिर्फ पांच दिन बचे हैं। हालांकि, इनमें शनिवार, रविवार और सोमवार की छुट्टियां शामिल हैं, जिससे वर्किंग डेज सिर्फ दो ही शेष हैं। ऐसे में 1 अप्रैल से उत्तराखंड का अगला मुख्य सचिव कौन होगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
उत्तराखंड: 31 मार्च को CS राधा रतूड़ी का कार्यकाल होगा पूरा, ये IAS बन सकते हैं नए मुख्य सचिव#Uttarakhand #ChiefSecretary #IAS https://t.co/5SNkskWfcE
— Rajya Sameeksha (@RajyaSameeksha) March 26, 2025
आनंद वर्धन बन सकते हैं नए मुख्य सचिव
1992 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन का नाम सबसे आगे चल रहा है। वर्तमान में वे अपर मुख्य सचिव (ACS) के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। खास बात यह है कि इस समय राज्य में ACS स्तर के सिर्फ एक ही अधिकारी उपलब्ध हैं, जिससे सरकार के पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं। ऐसे में उनका प्रमोशन लगभग तय माना जा रहा है।
प्रमुख सचिव स्तर के दो अधिकारी भी दौड़ में
मुख्य सचिव पद के अलावा, प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों की भूमिका भी अहम होगी। उत्तराखंड शासन में आईएएस आर.के. सुधांशु और एल. फैनई प्रमुख सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी हैं। ये दोनों 1997 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, लेकिन अभी तक अपर मुख्य सचिव (ACS) स्तर पर प्रमोशन के लिए आवश्यक सेवाकाल पूरा नहीं कर पाए हैं। ऐसे में मुख्य सचिव पद के लिए इनका दावा कमजोर नजर आ रहा है।
जल्द होंगे और बड़े प्रशासनिक बदलाव
मुख्य सचिव के नाम के अलावा, उत्तराखंड शासन में कई और बड़े बदलाव किए जाने की संभावना है। जिलाधिकारियों और सचिव स्तर के अधिकारियों के तबादले भी जल्द हो सकते हैं। राज्य सरकार की मंशा अगले कुछ दिनों में पूरी ब्यूरोक्रेसी को नए सिरे से व्यवस्थित करने की है।
अब देखना यह होगा कि क्या आनंद वर्धन ही नए मुख्य सचिव बनते हैं, या फिर कोई और नाम सामने आता है। जल्द ही इस पर अंतिम फैसला हो सकता है।

