ABC NEWS: एशिया कप 2023 के आयोजन को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस साल एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान को मिली थी, मगर बीसीसीआई ने अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था जिसके बाद यह टूर्नामेंट हाईब्रिड मॉडल के आधार पर खेला जा रहा है. इस टूर्नामेंट के कुछ मैच पाकिस्तान में हो रहे हैं तो कुछ श्रीलंका में। मगर अब श्रीलंका में बिगड़ते मौसम की वजह से एसीसी को एक बार फिर शेड्यूल में बदलाव करना पड़ सकता है. क्रिकबज की खबर के अनुसार श्रीलंका में होने वाले सभी सुपर-4 मुकाबलों सहित फाइनल कोलंबो से हंबनटोटा शिफ्ट किए जा सकते हैं और एसीसी जल्द ही इसका अधिकारिक ऐलान करेगा.
श्रीलंकाई में इस समय मानसून के चलते मौसम खराब है, लगातार हो रही बारिश के चलते वहां कई मैच धुल चुके हैं और आगे कई अन्य मैच बारिश की भेंट चढ़ने की भी संभावना अधिक हैं . अभी तक बारिश की वजह से भारत के ही दोनों मुकाबले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं जिसमें इंडिया वर्सेस पाकिस्तान बहुप्रतीक्षित मुकाबला तो रद्द ही हो गया.
सभी भाग लेने वाली टीमों को इस बदलाव के बारे में सूचित कर दिया गया है, और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) द्वारा जल्द ही आधिकारिक घोषणा करने की उम्मीद है. जिन टीमों ने पाकिस्तान में अपने आखिरी लीग मैच पूरे कर लिए हैं, वे हंबनटोटा की यात्रा करेंगी. भारतीय टीम अब पल्लेकेले से वहां जाएगी.
रिपोर्ट के अनुसार यूएई को भी एक विकल्प के रूप में देखा गया था, मगर खिलाड़ियों की हेल्थ की परवाह करते हुए एसीसी ने यूएई को रिजेक्ट करने का फैसला लिया. विश्व कप से ठीक तीन सप्ताह पहले संयुक्त अरब अमीरात की चिलचिलाती और भीषण गर्मी में खेलना, विषम परिस्थितियों को देखते हुए, खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है.

