दिवाली पर प्रभु श्रीराम का धाम अयोध्या दीयों से जगमग कर रहा है. सुंदरता नयनाभिराम हैं. कहीं लेजर लाइट्स के अद्भुत नजारे हैं तो कहीं मनमोहक रंगोलियां… अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद ये पहला दीपोत्सव है, ऐसे में यूपी सरकार का लक्ष्य सरयू नदी के तट पर 25 लाख दीये जलाकर नया रिकॉर्ड स्थापित करना है, पिछले साल की तुलना में इस बार 1,100 लोग नदी के तट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में विशेष ‘आरती’ करेंगे.
राम की पैड़ी पर दीये जलना शुरू
अयोध्या नगरी आज नया कीर्तमान स्थापित कर रही है, 25 लाख दीयों से सरयू तट जगमग हो गया इसी क्रम में शाम से राम की पैड़ी पर दीयों का जलना शुरू हो गया है.

भव्य मंदिर में पहली दिवाली पर पीतांबर धारण करेंगे रामलला
राममंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या में दिवाली का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इस अवसर पर राममंदिर में पहली दिवाली पर रामलला पीतांबर धारण करेंगे. पीले रंग के सिल्क की धोती और वस्त्र में ही रामलला का शृंगार होगा. दीपावली के लिए ख़ास तौर पर रामलला का डिज़ाइनर वस्त्र तैयार किया गया है. पीले रंग के सिल्क के वस्त्र पर रेशमी कढ़ाई के साथ ही सोने और चांदी के तारों की कढ़ाई भी की गई है. कई लड़ियों की माला और आभूषणों से रामलला का शृंगार किया जाएगा. पीला रंग शुभ माना जाता है और रेशमी वस्त्र को भी शुभ माना गया है. गुरुवार को दिवाली होने की वजह से भी रामलला पीले वस्त्र में दर्शन देंगे.
राममंदिर की स्थापना के बाद भारत के सौभाग्य का सूर्य उदय हो रहा: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत
अयोध्या में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदल गया है. भारत ने जिस गति से प्रगति की है, उससे पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है. भारत का ज्ञान, परंपरा, योग, आयुर्वेद, संस्कृति आज पूरी दुनिया में स्थापित हो रही है. भगवान श्रीराम के मंदिर की स्थापना के बाद भारत के सौभाग्य का सूर्य फिर से उदय हो रहा है. आज का दीपोत्सव निश्चित रूप से हमारे लिए संकल्प का दिन है कि हम इस देश को दुनिया का सबसे शक्तिशाली, समृद्ध और सक्षम देश बनाएंगे.

‘योगीजी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो’, सीएम ने जिक्र किया पुराना किस्सा
सीएम योगी ने अयोध्या में कहा कि आप लोगों ने 2017 में कहा था कि योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो. उन्होंने कहा कि आज अयोध्या चमक रही है. दुनिया यहां आ रही है.

