ABC News: हथियार डीलर संजय भंडारी के प्रत्यर्पण पर भारत की जीत हुई है. ब्रिटेन की एक कोर्ट ने भगोड़े हथियार डीलर संजय भंडारी के प्रत्यर्पण की अनुमति दी है. संजय भंडारी को अब भारत लाया जाएगा.

संजय भंडारी पर आरोप है कि उन्होंने कुछ डिफेंस डील में रिश्वत ली है. उन्हें यूपीए सरकार के दौरान किए गए हथियारों के सौदों के संबंध में विदेशी कंपनियों से कथित तौर पर 400 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान प्राप्त हुआ. दुबई में कई फर्मों में किए गए लेनदेन के रिकॉर्ड से ये पता चलता है. भारत सरकार काला धन (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) और कर अधिरोपण अधिनियम, 2015 के तहत अपनी विदेशी संपत्ति घोषित करने में विफल रहने और मनी लॉन्ड्रिंग के आधार पर हथियार डीलर संजय भंडारी के प्रत्यर्पण की मांग कर रही थी. प्रत्यर्पण मामले में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट, लंदन में आखिरी बहस को 4 अक्टूबर को सुना गया था और अब फैसला सुनाया गया है.

