ABC News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की है. इस मुलाकात का वीडियो भी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. सतीश महाना ने यह मुलाकात वृंदावन के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में की. इस दौरान करीब सवा मिनट तक उनकी प्रेमानंद महाराज से बातचीत हुई.
मुलाकात के शुरूआत में सतीश महाना ने अपना परिचय देते हुए बताया कि मैं महाराजपुर क्षेत्र से विधायक हूं. इसके बाद जैसे ही उन्होंने अखरी और सैबसी का नाम लिया तो इस पर संत प्रेमानंद हंसने लगे. अपने बचपन को याद करते हुए संत प्रेमानंद ने कहा कि वहीं से हमारा बालपन शुरू हुआ था. वहीं से गंगा किनारे हरिद्वार, काशी उनका क्षेत्र रहा. इस पर सतीश महाना ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि अखरी मेरी विधानसभा का आखिरी गांव है. मैं बहुत गर्व से कहता हूं कि महाराज जी का जन्मस्थान मेरी विधानसभा में आता है. इसके बाद प्रेमानंद महाराज ने पूछा, भगवान का नाम का जप करते हो? इस पर सतीश महाना ने मुस्कुराकर कहा- हां. महाराज ने कहा-स्वस्थ रहिए. खूब नाम जप करिए. जो पद मिले, बिना किसी लोभ और भय रहित होकर राष्ट्र और समाज की सेवा करिए. यही भगवान की पूजा है. निरंतर उनके नाम का जाप करते रहिए. इसके बाद सतीश महाना ने दंडवत होकर संत प्रेमानंद महाराज को प्रणाम किया.

