ABC NEWS: विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने आलू और मंडी का मुद्दा उठाया. साथ ही अंडे की मार्केट को लेकर भी सरकार को घेरा। अखिलेश ने दूध के बंद प्लांटों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला.
अखिलेश यादव ने आवारा पशुओं के मुद्दे को जोर से उठाया. उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आप इस पर काम क्यों नहीं कर रहे हैं. क्या आपके पास बजट की कमी है। अगर कुछ नहीं हो सकता है तो कम से कम सांड़ सफारी ही बना लें. ऐसा कोई जिला नहीं बचा जहां पर सांड से किसी की जान न गई होगी. संभल, मुरादाबाद, चंदौसी, हसनपुर और कितने नाम बताऊं आपको जहां सांड के हमले से जान न गई हो.
करोड़ों पेड़ कहां लगाए हैं?
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या के किसानों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आप परिक्रमा मार्ग बदल रहे हैं. उन किसानों का क्या होगा जिनकी जमीन आप ले रहे हैं. वहां पर जो पेड़ लगे है वो भी काटे जा रहे हैं, क्या आप उनको ट्रांस लोकेट नहीं कर सकते हैं. मेरा आपसे निवेदन है उन्हें न काटे। पेड़ लगाने का काम सरकार कागज पर बहुत अच्छा करती है. इन्होंने करोड़ों पेड़ लगाए, मुझे तो नहीं दिखते पता नहीं कहां लगाए हैं.
‘आपने बासमती राइस पर बैन लगा दिया’
अखिलेश यादव ने कहा कि आप हमें सपना दिखा रहे हैं कि हम बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं और एक तरफ बासमती राइस पर बैन लगा दिया है. ये आपका बस नारा है कि हम किसानों की आय दोगुनी करेंगे. आप ऐसा कैसे करेंगे ये बस कहने की बात है. अखिलेश ने एक किसान की मौत का मुद्दा उठाया और कहा कि जो लोग सूखे के कारण आत्महत्या कर रहे हैं उनकी आर्थिक मदद क्यों नहीं करते.
कांवड़ियों की मौत का मामला
अखिलेश ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कांवड़ियों की मौत का मामला उठाया. अखिलेश ने कहा कि मैं सरकार से मदद करने की अपील करता हूं. सरकार उन लोगों की मदद करे और उनके परिवारों को एक करोड़ की मदद करें. जो लोग भी हिंसा में मारे गए हैं उनको सरकारी नौकरी भी दें. इस दौरान ये न देखें कि वो किस धर्म का है. सभी की मदद होनी चाहिए.

