ABC NEWS: मैनपुरी उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद कार्यकर्ताओं में जोश में भरने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव कानपुर आएंगे. सपा विधायक इरफान सोलंकी पर अब तक हुई कार्रवाई के बाद अखिलेश यादव का ये दौरान बेहद अहम माना जा रहा है. अखिलेश यादव 20 दिसंबर को कानपुर जेल में बंद इरफान सोलंकी से मुलाकात करेंगे
सिविल लाइंस में कार्यकर्ता के घर भी जाएंगे
10 मार्च 2022 को विधानसभा चुनाव में मिली शिकस्त के बाद कानपुर निवासी सपा कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ठाकुर ने लखनऊ विधानसभा के बाहर खुद को आग लगा ली थी. हालांकि वे इसमें बच गए थे. सिविल लाइंस स्थित पिंटू ठाकुर के आवास पर अखिलेश यादव मुलाकात करेंगे.
कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
सपा नगर अध्यक्ष डा. इमरान ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 दिसंबर को अखिलेश यादव का कार्यक्रम प्राप्त हुआ है. वे जेल में बंद इरफान सोलंकी से मुलाकात करेंगे. करीब 1 घंटा तक मुलाकात का समय रखा गया है. पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार विधायक को झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है.
कार्यकर्ताओं में खटक रही थी चुप्पी
सपा विधायक मामले में अभी तक अखिलेश यादव ने दूरियां बनाई हुईं थीं. माना जा रहा था कि मैनपुरी उपचुनाव के बाद अखिलेश यादव कानपुर दौरा करेंगे. अखिलेश यादव की चुप्पी पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चर्चा का विषय बनी हुई थी. हालांकि सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और पार्टी संगठन में लगातार वे इस मामले की रिपोर्ट ले रहे थे.
निकाय चुनाव पर भी होगी चर्चा
नगर अध्यक्ष मो. इमरान ने बताया कि अखिलेश यादव के दौरे के दौरान पार्टी संगठन से भी मुलाकात का समय रखा गया है. निकाय चुनाव को लेकर अहम बैठक होगी. प्रसपा का सपा में विलय होने के बाद अखिलेश यादव का ये पहला कानपुर दौरा है. वहीं अखिलेश के कानपुर दौरे को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और एलआईयू भी सक्रिय हो गई है.

