ABC NEWS: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने गुरुवार को कहा कि उनके बड़े बेटे अनिल एंटनी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला गलत था और यह उनके लिए एक दुखद दिन है. उन्होंने कहा कि वे अधिक समय तक जीवित नहीं रहना चाहते. पत्रकारों से बात करते हुए वयोवृद्ध नेता भावुक हो गए जब उन्होंने कहा, “मैंने अनिल के फैसले के बारे में यह पहली और आखिरी बात कही है और मैं इसके बारे में अब बात नहीं करूंगा.” उन्होंने कहा कि वह अपनी मृत्यु तक कांग्रेसी बने रहेंगे.
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा, भारत का आधार एकता और धार्मिक सद्भाव है. 2014 से देश को अस्थिर करने के प्रयास हो रहे हैं. जहां तक मेरा सवाल है, मैं अपनी आखिरी सांस तक इन प्रयासों के खिलाफ लड़ूंगा.
आखिरी सांस तक कांग्रेसी रहूंगा
कांग्रेस नेता ने कहा, 2014 में विध्वंस की चाल धीरे-धीरे चल रही थी. लेकिन 2019 के बाद से इसने रफ्तार पकड़ी है. एके एंटनी बोले कि मैं 82 साल का हूं. मैं अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर हूं और मैं बता दूं कि मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस के साथ रहूंगा.
उन्होंने कहा, भाजपा इस देश के संवैधानिक मूल्यों को नष्ट कर रही है. कांग्रेस नेता एके एंटनी ने स्पष्ट कहा, मैं अपनी आखिरी सांस तक आरएसएस और बीजेपी की सभी गलत नीतियों का विरोध करूंगा.
गांधी परिवार को लेकर दिया ये बयान
एके एंटनी ने गांधी परिवार के बारे में बोलते हुए कहा, आजादी के बाद से नेहरू परिवार ने जाति, धर्म के बावजूद भारतीयों की एकता का ध्यान रखा. मौजूदा गांधी परिवार भी इस परंपरा को जारी रखे हुए हैं. वे (गांधी परिवार) लगातार कांग्रेस के मूल्यों के लिए लड़ रहे हैं. इसलिए मैं लगातार उनके नेतृत्व को स्वीकार कर रहा हूं. एके एंटनी ने कहा, मेरी पीढ़ी के नेताओं को इंदिरा जी ने प्रोत्साहन और समर्थन दिया. वह परिवार सबको समान रूप से स्वीकार करता रहा है, इसलिए मैं उनके नेतृत्व को स्वीकार करता रहा हूं.
वे बोले, मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता बनकर मरूंगा. मैं 82 साल का हूं, मुझे नहीं पता कि मैं कब तक जिऊंगा.

