ABC NEWS: लॉकडाउन के बाद से थिएटर्स वो रफ्तार नहीं पकड़ पाए हैं जो 2019 से पहले रहा करती थी. बॉक्स ऑफिस पर फिल्में तो लगातार रिलीज हो रही हैं लेकिन कुछ ही ऐसी फिल्में आ रही हैं जो ताबड़तोड़ कमाई करने में कामयाब हो रही हैं. ऐसी ही फिल्म है अजय देवगन की ‘दृश्यम-2’, जो इस साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बन गई है.
पहले दिन फिल्म ने 15 करोड़ 38 लाख रुपये का बिजनेस किया और दूसरे दिन तक यह 37 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी थी. फिल्म को लेकर चल रहे ट्रेंड और एडवांस बुकिंग को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म ने रविवार को 27 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है.
जल्द ही 100 करोड़ पार कर जाएगी Drishyam 2
हालांकि अभी आधिकारिक आंकड़े आना बाकी हैं लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का रविवार का बिजनेस इसके आसपास ही रहा है. इस हिसाब से साफतौर पर कहा जा सकता है कि अगले 2-4 दिनों में ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी. फिल्म को मिल रही माउथ पब्लिसिटी इसकी बिजनेस ग्रोथ में बड़ी भूमिका निभा रही है.
‘ब्रह्मास्त्र’ से बस एक कदम पीछे है अजय की फिल्म
अगर ‘दृश्यम-2’ का बिजनेस अनुमान के मुताबिक रहता है तो इसका फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन 60 से 65 करोड़ के बीच पहुंचेगा. अगर ऐसा होता है तो यह फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन के मामले में इस साल की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन जाएगी. बता दें कि ‘ब्रह्मास्त्र’ का फर्स्ट वीकेंड का बिजनेस 98 करोड़ रुपये रहा था और Bhool Bhulaiyaa 2 ने पहले वीकेंड में 56 करोड़ रुपये कमाए थे.

